पुरानी रंजिश में बुजुर्ग को गोली मारी, घायल
अट्टा फतेहपुर गांव में ईद की रंजिश का बदला लेने के लिए कुछ लोगों ने 62 वर्षीय बुजुर्ग पर गोली चला दी। बुजुर्ग खेत में काम कर रहा था, और उसे गंभीर चोट आई। पीड़ित परिवार ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घायल का इलाज ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में चल रहा है।

दनकौर, सतीश शर्मा। अट्टा फतेहपुर गांव में ईद की रंजिश का बदला लेने के लिए एक बुजुर्ग पर गांव के ही कुछ लोगों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घटना के समय 62 वर्षीय बुजुर्ग परिजनों के साथ खेत पर काम कर रहा था। घायल का ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार ने सोमवार शाम 4 नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। गांव निवासी पीड़ित हासिम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके परिवार के बच्चों का गांव के ही दूसरे परिवार के बच्चों से पिछले दिनों ईद पर विवाद हो गया था।
उस वक्त गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर विवाद को निपटा दिया था। दूसरा पक्ष तभी से उसके परिवार से रंजिश मानता चला आ रहा है। सोमवार को उसके पिता कासिम और चाचा अफसर समेत परिवार के अन्य लोग खेत पर काम कर रहे थे। तभी गांव के लोग तमंचे लेकर खेत पर पहुंच गए। दो लोगों ने तमंचे से गोली चलाई। इसमें एक गोली कासिम के नाक के पास जा लगी और दूसरी गोली से पीड़ित बाल-बाल बच गए। आरोपी पड़ोस के खेतों में काम कर रहे अन्य लोगों को आता देख फरार हो गए। घायल को गंभीर अवस्था मे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। जल्दी ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


