निर्माणाधीन हॉस्टल में दो श्रमिकों की हत्या, दोस्त पर शक

Newswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित एक निर्माणाधीन हॉस्टल में दो श्रमिकों की हत्या कर दी गई। फावड़े और सरिया से हमला कर दोनों की जान ली गई। पुलिस ने आशंका जताई है कि उनका एक साथी हत्या में शामिल है, जो फरार है। घटना की जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

निर्माणाधीन हॉस्टल में दो श्रमिकों की हत्या, दोस्त पर शक

ग्रेटर नोएडा, ब्रिजेश कुमार। नॉलेज पार्क स्थित एक इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में दो श्रमिकों की हत्या कर दी गई। फावड़े और सरिया से हमला कर दोनों की जान ली गई। शुक्रवार की सुबह दोनों के शव परिसर के एक कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। पुलिस ने उनके एक साथी पर वारदात को अंजाम देने की आशंका जाहिर की है। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया की नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के एक निर्माणाधीन हॉस्टल में दो दिन पहले तीन श्रमिक घास और पौधे लगाने के लिए आए थे। इनमें से दो श्रमिकों के शव शुक्रवार की सुबह एक कमरे में पड़े मिले, जबकि उनका एक साथी लापता है। आशंका है कि उसी ने हत्या की घटना को अंजाम दिया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय शीशपाल निवासी गांव फिटकरी थाना इंचौली जिला मेरठ और 50 वर्षीय इंद्रपाल निवासी गांव इमली अब्दुल्लापुर थाना भावनपुर जिला मेरठ के रूप में हुई। पुलिस ने कमरे से एक फावड़ा और सरिया बरामद किया है। आशंका है कि इन्हीं से सिर पर वार कर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। दोनों के सिर पर चोटें लगी थीं。

शराब पार्टी के दौरान वारदात होने की आशंका

पुलिस के मुताबिक कमरे से शराब और पानी की खाली बोतल बरामद हुईं। आशंका है कि गुरुवार की रात शराब पार्टी के दौरान तीनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद फरार साथी ने हत्या की घटना को अंजाम दिया। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी के पकड़े जाने के बाद हत्याकांड का खुलासा किया जा सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही

हॉस्टल के बाहर बिल्डिंग में दो अलग-अलग जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस उनकी फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हॉस्टल के अंदर रात में किसी और व्यक्ति ने तो प्रवेश नहीं किया। इसके साथ ही मृतकों का तीसरा साथी कब बाहर निकला, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए

दोहरी हत्याकांड की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बारीकी से जांच की। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

मेरठ से दो दिन पहले आए थे

पुलिस की छानबीन में पता चला है कि तीनों श्रमिक मेरठ के रहने वाले हैं। दो दिन पहले मेरठ से तीनों को हॉस्टल में पौधे और घास लगाने के लिए भेजा गया था। एक मृतक शीशपाल के जीजा सचिन ने तीनों को ठेकेदार के पास भेजा था। इसके बाद से तीनों यहां रह रहे थे।

--कोट---

हॉस्टल के एक कमरे में दो लोगों के शव पड़े मिले हैं। उनका एक साथी फरार है। फरार साथी पर हत्या की वारदात करने आशंका है। पुलिस की चार टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। जल्द हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

-डॉ. राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था, कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

दो श्रमिकों की हत्या कब हुई?
दो श्रमिकों की हत्या शुक्रवार की सुबह हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।