Noida News: चार लोगों से 28 लाख रुपये की ठगी
Noida News: नोएडा में साइबर ठगों ने विभिन्न व्यक्तियों से 27.96 लाख रुपये की ठगी की है। साइबर क्राइम पुलिस ने चार मामलों की जांच शुरू की है, जिसमें विभिन्न पीड़ितों का नाम शामिल है। ठगों ने धोखाधड़ी के लिए अनजान लिंक और फोन कॉल का सहारा लिया। सुरक्षा सावधानियों की सलाह भी दी गई है।

Noida News: नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार। साइबर ठगों ने अलग-अलग लोगों को निशाना बनाकर 27.96 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ितों की शिकायत और एनसीआरपी पर दर्ज शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने चार अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। ठगी के ये मामले नोएडा और गौतमबुद्धनगर से जुड़े हैं और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला
पहले मामले में सेक्टर-83 निवासी राजेश मिश्रा से ऑनलाइन ठगी की गई। शिकायत के अनुसार उनके साथ 6.08 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई। शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में सेक्टर-113 निवासी अग्निस्वर मुखर्जी से 5.08 लाख रुपये की ठगी हुई। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की यह घटना आठ अप्रैल 2025 की है।
दूसरा और तीसरा मामला
तीसरे मामले में सेक्टर-117 निवासी कुलदीप कुमार यादव साइबर ठगी का शिकार हुए। एनसीआरपी में दर्ज शिकायत के अनुसार उनके साथ 8.92 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई। यह घटना भी आठ अप्रैल 2025 की दर्ज की गई है। साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच धीरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। चौथे मामले में ललित कुमार से 7.88 लाख रुपये की ठगी हुई। उनके साथ एक जुलाई 2025 को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हुई थी। पीड़ितों में कोई कारोबारी है तो कोई बुजुर्ग है। किसी को मुनाफे का झांसा देकर तो किसी को लिंक डाउनलोड कराकर ठगी के जाल में फंसाया गया। साइबर क्राइम पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच प्रक्रिया
डीसीपी साइबर ने बताया कि चारों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अब जांच के दौरान ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल माध्यमों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
ऑनलाइन ठगी से ऐसे बचें:
अनजान नंबर से आने वाले फोन, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। बैंक, निवेश या किसी सरकारी संस्था के नाम पर भेजे गए लिंक को खोलने से पहले उसकी जांच जरूर करें। ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, पासवर्ड और बैंक खाते की जानकारी किसी से साझा न करें। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मिलने वाले फर्जी एप और वेबसाइट से भी सावधान रहें। किसी व्यक्ति के कहने पर खाते में रकम ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें। जितनी जल्दी शिकायत होगी, रकम वापस मिलने की संभावना उतनी ही बढ़ सकती है।


