Hindi NewsNcr NewsNoida NewsCyber Fraud in Greater Noida Man Loses 17 Lakhs via WhatsApp APK File
एपीके फाइल डाउनलोड कराकर खाते से निकाले 17 लाख रुपये

एपीके फाइल डाउनलोड कराकर खाते से निकाले 17 लाख रुपये

संक्षेप:

- साइबर अपराधी ने व्हाट्सऐप पर वाहन का चालान जमा करने के लिए भेजा था

Dec 11, 2025 05:41 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share Share
Follow Us on

नोएडा, संवाददाता। ग्रेटर नोएडा निवासी एक व्यक्ति के व्हाट्सऐप पर साइबर अपराधी ने वाहन चालान जमा करने के लिए एपीके फाइल भेजकर 17 लाख रुपये निकाल लिए। फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद बैंक खाते में सेंधमारी करके रकम निकाल ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दादरी के दुरियाई गांव निवासी पंकज कुमार ने पुलिस को बताया कि वह कारोबारी हैं। उनके मोबाइल के व्हाट्सऐप पर छह दिसंबर को एक अनजान नंबर से मैसेज आया। मैसेज में आरटीओ का चालान लिखा हुआ था। चालान जमा करने के लिए मैसेज के साथ एपीके फाइल को डाउनलोड करने के लिए एक लिंक भी था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पीड़ित ने उसे देखने के लिए गलती से डाउनलोड कर लिया। इसी दौरान उनका फोन बंद हो गया। साइबर ठगों ने पीड़ित के मोबाइल फोन को हैक कर बैंकिंग जानकारी हासिल कर ली। जालसाजों ने उनके डेबिड कार्ड का पासवर्ड भी बदल दिया। साथ ही इंटरनेट बैंकिंग पर दूसरा पासवर्ड लगाकर बैंक से 16 लाख 99 हजार 760 रुपये निकाल लिए। उनका फोन शाम 5:36 बजे से लेकर रात के नौ बजे तक बंद रहा। जिससे उन्हें ठगी के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई। वहीं बैंक की तरफ से कोई मैसेज नहीं आया। अगले दिन पीड़ित के फोन पर 14 बार में लगभग 17 लाख रुपये कटने के मैसेज मिले। जानकारी करने पर उन्हें पता चला कि उनका फोन हैक कर रुपये निकाल लिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में साइबर थाने की पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एपीके फाइल मिले तो रहें सावधान साइबर सेल की एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि एपीके फाइल डाउलोड होते ही फोन का सारा डाटा साइबर ठगों के पास चला जाता है। इसके बाद वे लोग एक अलग से सिस्टम पर सारी जानकारी सेव कर लेते हैं। उसी के माध्यम से फर्जी तरीके से ठग बैंक खातों से रुपये निकालते हैं। इन दिनों आईजीएल गैस कनेक्शन कटने, चालान भरने और शादी निमंत्रण का कार्ड एपीके फाइल में मिले तो सावधान हो जाएं। साइबर ठग अक्सर अनजान नंबर से यह फाइल भेजते हैं। हालांकि इस तरह के साइबर अपराधियों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है।