बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर कंपनीकर्मी से छह लाख रुपये ठगे
दादरी निवासी कंपनीकर्मी सरजीत सिंह से साइबर अपराधियों ने लाखों रुपये की ठगी की। अज्ञात नंबर से कॉल कर बैंक अधिकारी बनकर जानकारी हासिल की गई और उनके खातों से कुल 6.06 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार। साइबर अपराधियों ने दादरी निवासी कंपनीकर्मी से लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है। दादरी की एस्कोर्ट कॉलोनी निवासी सरजीत सिंह ने थाने में शिकायत दी कि वह फेज-2 स्थित शीशे बनाने वाली कंपनी में काम करते हैं। 24 अगस्त 2025 की रात उनके फोन पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कुछ जरूरी जानकारी मांगी। आरोपी ने धोखे से उनके बैंक खाते की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद कुछ ही समय में उनके बैंक खाते से 54 हजार 900 रुपये निकाल लिए।
इतना ही नहीं, एक अन्य बैंक खाते से भी करीब 57 हजार रुपये निकाल लगए। कुल मिलाकर एक लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली गई। बाद में भी अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर की गई। कुल छह लाख छह हजार रुपये शिकायतकर्ता के खाते से ट्रांसफर किए गए। पीड़ित ने तत्काल इस घटना की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई थी, जिसके बाद शिकायती नंबर भी जारी किया गया। इसके बावजूद रकम की रिकवरी नहीं हो सकी। इसके चलते पीड़ित ने औपचारिक रूप से थाना दादरी में एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत में पीड़ित ने अपने विभिन्न बैंक खातों से हुई संदिग्ध ट्रांजेक्शनों का विवरण भी दिया है, जिसमें कई खातों में अलग-अलग राशि ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे साइबर अपराध के तहत दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। जिन खातों में रकम गई है उनके बारे में अहम जानकारी मिली है। खाता धारकों का पता लगाया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


