सोसाइटी की लिफ्ट में बुजुर्ग महिला से चेन लूटने की कोशिश
ग्रेटर नोएडा की ग्रेनो वेस्ट की लॉ रेजिडेंशिया सोसाइटी में एक बुजुर्ग महिला के गले से चेन झपटने का प्रयास किया गया। महिला के शोर मचाने पर बदमाश भाग गया। इसके अलावा, एक डॉक्टर से उनकी कार में दो मोबाइल लूट लिए गए। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है।

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। ग्रेनो वेस्ट की लॉ रेजिडेंशिया सोसाइटी में गुरुवार को हेलमेट पहनकर आए बदमाश ने लिफ्ट में बुजुर्ग महिला के गले से चेन झपटने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर बदमाश वहां से भाग गया। सोसाइटी में बुजुर्ग महिला भारती जानी परिवार के साथ रहती हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि वह गुरुवार की शाम पार्क से टहलने के बाद अपने घर आ रही थीं। वह टावर की लिफ्ट में सवार हुईं। इसी बीच पीछे से आए हेलमेट पहने हुए बदमाश ने गले से चेन झपटने की कोशिश की। महिला के चिल्लाने पर बदमाश डर की वजह से वहां से भाग निकला।
आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर बदमाश मौका पाकर सोसाइटी से बाहर निकल गया। इस घटना के बाद से बुजुर्ग महिला सदमे में है। वह काफी डरी हुई है। महिला के बेटे ने बताया कि सोसाइटी में अंदर घुसकर दिनदहाड़े इस तरह की घटना से लोगों में डर का माहौल है। लोगों में इस घटना को लेकर काफी गुस्सा है। उनका कहना है कि पहले भी यहां चोरी की घटना हो चुकी हैं। बिल्डर मोटा मेंटेनेंस शुल्क वसूला रहा है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं है। सोसाइटी के लोगों ने पुलिस से शिकायत कर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। वहीं, इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। बदमाश का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। डॉक्टर की कार से बदमाश दो मोबाइल लेकर फरार ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की अरिहंत आर्डन सोसाइटी निवासी डॉ. शिवी अग्रवाल गाजियाबाद के सरकारी अस्पताल में सीएमओ दफ्तर में कार्यरत हैं। डॉक्टर ने बताया कि वह बुधवार को अपनी कार में सवार होकर गाजियाबाद से घर लौट रहे थे। जब वह चारमूर्ति गोलचक्कर के पास पहुंचे। उस समय वहां जाम लगा हुआ था, तभी एक युवक ने आकर उनकी तरफ का शीशा खटखटाया। जैसे ही उन्होंने शीशा खोला, उसी दौरान दूसरे युवक ने दूसरी साइड का शीशा खटखटाया। उन्होंने कार के दोनों तरफ के शीशे खोल दिया। एक युवक ने कार से चोट लगने की बात कहकर उलझाया तो दूसरा बदमाश साइड में रखे फोन लेकर भाग खड़ा हुआ। डॉक्टर ने मामले की शिकायत पुलिस की है। बिसरख पुलिस जांच में जुटी है। दंपति का मोबाइल लेकर फरार ग्रेनो वेस्ट की निराला स्टेट सोसाइटी में दीपक अग्रवाल परिवार के साथ रहते हैं। दीपक अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि वह एक जनवरी को अपनी पत्नी के साथ एक मॉल में खरीदारी करने गए थे। जैसे ही वह से खरीदारी कर बाहर निकल रहे थे। इसी बीच दो बदमाश उनका मोबाइल लेकर भाग गए। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने दो संदिग्ध को अपने आसपास घूमते हुए देखा था, जो उनकी जेब काटने की कोशिश कर रहे थे। इनमें एक नाबालिक था। बिसरख कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है। बदमाशों का पता लगाकर मोबाइल बरामद किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




