Noida News: सोसाइटी में 35 और लोगों को उल्टी के साथ पेट दर्द की शिकायत
Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ग्रीन आर्च सोसाइटी में दूषित पेयजल के कारण कई लोग बीमार हो गए हैं। पेट दर्द, उल्टी और बुखार की शिकायतों के चलते लोगों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। जिम्स अस्पताल ने एक स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया, जिसमें 35 लोगों में पेट दर्द और उल्टी के लक्षण पाए गए।

Noida News: ग्रेटर नोएडा, रूपल राठी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ग्रीन आर्च सोसाइटी में दूषित पेयजल के कारण पिछले कुछ दिनों से लोगों के बीमार होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पेट दर्द, उल्टी और बुखार जैसी शिकायतों के चलते कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। बढ़ते मामलों को देखते हुए शुक्रवार को जिम्स अस्पताल की टीम ने सोसाइटी परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया, जिसमें करीब 40 लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। जिन लोगों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की, उनके घरों से पानी के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। सोसाइटी के ए टावर में रहने वाले अमित ने बताया कि परिसर में लगातार लोगों की तबीयत खराब होने से लोग चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे को कई दिनों से पेट दर्द की शिकायत थी। पहले घर पर ही उपचार कराया गया, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब पांच घंटे तक इमरजेंसी में भर्ती रखा गया। उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। अमित का कहना है कि लगातार बढ़ रही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। एक पानी ही सभी लोगों को सोसाइटी में जोड़ता है। वही, लगातार सोसाइटी में सभी लोग दूषित पेयजल के सेवन करने से शिकायत कर रहे हैं। लोग डर के कारण घर में आने वाले पानी का उपयोग करने से भी बच रहे हैं। उन्होंने प्राधिकरण और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) से प्रभावी समाधान की मांग की। एओए अध्यक्ष नामित रंजन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सोसाइटी में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया है और पानी की गुणवत्ता की जांच भी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पानी की टंकियों में निर्धारित मानकों के अनुसार क्लोरीन डाला जा रहा है, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही, उन्होंने बताया कि फिलहाल सोसाइटी की स्थिति सामान्य है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है。
40 लोगों की जांच, 35 में मिले पेट दर्द और उल्टी के लक्षण
जिम्स अस्पताल की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में करीब 40 लोगों की जांच की गई। इनमें से 35 लोगों में पेट दर्द और उल्टी जैसी शिकायतें मिलीं। डॉक्टरों ने मरीजों को दवाइयां देने के साथ आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी। वहीं, जिन मरीजों की स्थिति गंभीर लगी, उनके घरों से पानी के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।
लोगों के बयान
- मेरी पत्नी की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बच्चे भी अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं हम चाहते हैं कि बीमारी की वजह जल्द सामने आए और स्थायी समाधान हो।
विपिन, निवासी
- पिछले करीब दो सप्ताह में कई लोग पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के कारण अस्पताल पहुंच चुके हैं। लोगों में डर का माहौल है। एओए को इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाया है।
नवल किशोर सिंह, निवासी


