
ग्रैप की पाबंदियां हटने से निर्माण कार्य तेज होगा
ग्रेटर नोएडा में ग्रैप (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) की पाबंदियां हटने के बाद निर्माण कार्यों की शुरुआत हो गई है। प्राधिकरण ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, जिससे सूरजपुर-कासना मार्ग की मरम्मत का काम फिर से शुरू होगा। इससे लाखों लोगों को लाभ होगा।
ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। प्रदूषण का स्तर कम होने पर ग्रैप ( ग्रैडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) तीन और चार की पाबंदियां हटने से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। प्राधिकरण ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इससे सूरजपुर-कासना मार्ग की मरम्मत का काम रफ्तार पकड़ेगा। ग्रेटर नोएडा शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में नई सड़कों के निर्माण के साथ खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत, जल निकासी के लिए नाली का निर्माण आदि विकास कार्य कराए जा रहे हैं। प्राधिकरण के परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक 100 से अधिक साइट पर काम चल रहा है। ग्रैप की पाबंदियां हटने से अब इसमें तेजी आएगी।
शहर की प्रमुख सड़क सूरजपुर-कासना की मरम्मत का काम अधर में अटका है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगभग 12 किलोमीटर लंबी यह सड़क दो हिस्सों सूरजपुर घंटाघर चौक से एलजी चौक और सेक्टर पी-3 से कासना के बीच जगह-जगह पर टूट चुकी है। लंबे इंतजार के बाद सड़क की मरम्मत का काम शुरू किया गया, लेकिन ग्रेप की पाबंदियां लागू होने से काम बंद हो गया था। इस सड़कों की मरम्मत होने से लाखों लोगों को फायदा होगा। वहीं, कासना कस्बे से आगे सिरसा गोलचक्कर तक भी सड़क की मरम्मत का काम चल रहा है। ग्रेटर नोएडा के डिपो मेट्रो स्टेशन जुनपत गोलचक्कर से सेक्टर म्यू की तरफ जाने वाली सड़क का पुनर्निर्माण जैसी कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। सेक्टरों के साथ गांवों में भी करोड़ों रुपये की लागत से जरूरी विकास कार्य कराए जा रहे हैं। -------------------- ग्रैप की पाबंदियां हटने पर निर्माण कार्य शुरू करा दिए गए हैं। विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाएगा। सड़कों पर पानी का छिड़काव जारी रहेगा। काम के दौरान नियमों का पालन किया जाएगा। -एके सिंह, महाप्रबंधक परियोजना, ग्रेटर नोएडा

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




