ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नोएडामार्च तक पक्षी विहार नए रंग रूप में नजर आएगा

मार्च तक पक्षी विहार नए रंग रूप में नजर आएगा

नोएडा। वरिष्ठ संवाददाता। ओखला पक्षी विहार मार्च तक नए रंग रूप में नजर...

मार्च तक पक्षी विहार नए रंग रूप में नजर आएगा
हिन्दुस्तान टीम,नोएडाMon, 25 Jan 2021 07:20 PM
ऐप पर पढ़ें

नोएडा। वरिष्ठ संवाददाता।

ओखला पक्षी विहार मार्च तक नए रंग रूप में नजर आएगा। तीन से चार दिन में पक्षी विहार के कायाकल्प का कार्य शुरू होगा। नेचर हट, थीम आधारित गेट समेत अन्य निर्माण कार्य होंगे। इसके अलावा पर्यटकों को पक्षी विहार की सैर कराने के लिए गोल्फ कार्ट चलेंगे।

ओखला पक्षी विहार का पुर्ननिर्माण कार्य दो साल पहले होना था। लोकसभा चुनाव के कारण आचार संहिता लगने की वजह से कार्य शुरू नहीं हो सका था। चुनाव के बाद एक बार फिर से प्रक्रिया शुरू हुई लेकिन इसमें समय लग गया। पक्षी विहार के फॉरेस्ट रेंजर अरविंद मिश्र ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए चयनित संस्था को 1.16 करोड़ रुपये जारी कर दिया गया था लेकिन संस्था की ओर से टेंडर प्रक्रिया में समय लग गया। अब संस्था की ओर से कंपनी का चयन हो गया है और जनवरी अंत में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके तहत पक्षी विहार में दो थीम आधारित गेट बनेंगे, जिस पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पक्षियों की आकृति बनेगी। पक्षी विहार में छह नेचर हट बनाई जाएंगी। इसके अलावा छह गोल्फ कार्ट दौड़ेंगे। गोल्फ कार्ट में पर्यटक पक्षी विहार की सैर कर सकेंगे। फॉरेस्ट रेंजर ने बताया कि भारत सरकार की ओर से पक्षी विहार के कायाकल्प के लिए और बजट भी हाल ही में जारी किया गया है।

दो फरवरी को बर्ड फेस्टिवल की तैयारी पूरी

ओखला पक्षी विहार में दो फरवरी को बर्ड फेस्टिवल को लेकर तैयारी लगभग पूरी है। बर्ड फेस्टिवल में प्रदेश के वन,पर्यावरण और प्राणि उद्यान मंत्री दारा सिंह चौहान शामिल होंगे। प्रदेश में ओखला पक्षी विहार को बड़े आयोजन के लिए चुना गया है।

फॉरेस्ट रेंजर ने बताया कि कोविड 19 से एहतियात के लिए कम संख्या में अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। करीब 12 बर्ड वॉचर्स पक्षी विहार में आएंगे और पक्षियों व पक्षी विहार से संबंधित प्रस्तुतिकरण देंगे। भाषण,गीत, संगीत समेत कई तरह के कार्यक्रम होंगे। वहीं पक्षी विहार में इस सीजन में कितने पक्षी पहुंचे इसकी गणना फरवरी के अंतिम हफ्ते में होगी। हालांकि संभावना है कि पक्षी विहार में 20 हजार से अधिक स्थानीय और प्रवासी पक्षियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इनमें नार्दन शेवलर, ब्लैक हेडेड गल, ब्राउन हेडेड गल, ग्रेटर फ्लैमिंगो, विशकर्ड टर्न, रेड वॉल्टेड लेपविंग, यूरेशियन विजेन, नॉर्दन पिंटेल, ग्रेट क्रिस्टेड ग्रीव समेत अन्य प्रजातियों के पक्षी शामिल हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें