गंगनहर में बहे योग प्रशिक्षक का शव पांचवें दिन मिला

Mar 01, 2026 06:46 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share

फॉलोअप: -बीती 24 फरवरी को चितौड़ा पुल के पास गंगनहर में बहा था गोपाल

गंगनहर में बहे योग प्रशिक्षक का शव पांचवें दिन मिला

फॉलोअप: -बीती 24 फरवरी को चितौड़ा पुल के पास गंगनहर में बहा था गोपाल -रविवार को उतराते शव को लोगों ने देखकर दी पुलिस को सूचना गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। मसूरी थानाक्षेत्र में गंगनहर में बहे 21 वर्षीय योग प्रशिक्षक का शव पांचवें दिन वेव सिटी थाना क्षेत्र में मिला। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे राहगीरों ने नहर में शव उतराता देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची वेव सिटी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गांव सदरपुर निवासी गोपाल के रूप में हुई है। वह योग प्रशिक्षक था और राष्ट्रीय स्तर का योग खिलाड़ी भी रह चुका था।

बीती 24 फरवरी को गोपाल चितौड़ा पुल पर पहुंचा था। उसने अपनी बाइक पुल पर खड़ी की और मोबाइल से परिजनों से बातचीत की। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला था। आशंका थी कि उसने नहर में छलांग लगाई होगी। इसके बाद से मसूरी थाना पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश कर रही थी। बाद में एनडीआरएफ की टीमों ने भी चितौड़ा पुल से इनायतपुर बंबा तक करीब दस किलोमीटर क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार को वेव सिटी क्षेत्र से गुजर रही गंगनहर में शव मिलने पर पुलिस ने आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी मांगी। मसूरी थानाक्षेत्र से लापता योग प्रशिक्षक की सूचना के आधार पर परिजनों को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे भाई आकाश ने मृतक की शिनाख्त गोपाल के रूप में की। परिजनों के मुताबिक गोपाल ने कभी किसी परेशानी का जिक्र घर पर नहीं किया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस को मोबाइल से भी कोई ऐसी जानकारी नहीं मिली है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। एसीपी मसूरी लिपि नगायच ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।