
एयरपोर्ट से भाजपा का मिशन-2027 अभियान उड़ान भरेगा
भाजपा के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा से उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा स्थल का निरीक्षण किया और कहा कि एयरपोर्ट का उद्घाटन दिसंबर में होगा। यह जनसभा ऐतिहासिक होगी और भाजपा मिशन-2027 का शुभारंभ करेगी।
भाजपा पदाधिकारियों का दावा, प्रधानमंत्री की जनसभा से उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत होगी, मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित जनसभा स्थल को देखा नोएडा, निशांत कौशिक। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भाजपा का मिशन-2027 अभियान उड़ान भरेगा। इसके शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा से उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रस्तावित जनसभा स्थल को देखा और भाजपा पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक महीने बाद एक बार फिर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए प्रस्तावित स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अगले महीने दिसंबर में एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रस्तावित है।

इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से समय मांगा गया है। जल्द तारीख तय कर सूचित किया जाएगा। प्रधानमंत्री 25 नवंबर 2021 को एयरपोर्ट के शिलान्यास कार्यक्रम में भी आए थे। नया उत्तर प्रदेश उड़ान भरेगा मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट के उद्घाटन पर एक भव्य और विशाल कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता की उपस्थिति में एयरपोर्ट का शुभारंभ करेंगे। यह जनसभा ऐतिहासिक होगी और मील का पत्थर साबित होगी। विकास के रनवे पर नए भारत का नया उत्तर प्रदेश उड़ान भरेगा। जनसभा स्थल पर चार गेट बनेंगे भाजपा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि जनसभा स्थल पर चार गेट बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कौन से गेट से प्रधानमंत्री आएंगे और किस गेट से अन्य लोगों का आगमन होगा, इसे लेकर निर्देश दिए। भाजपा के नेताओं का दावा है कि एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित होने वाली जनसभा से ही उत्तर प्रदेश में भाजपा मिशन-2027 का शुभारंभ करेगी। जनसभा के बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक बड़ी उपलब्धि बनने जा रहा है। यहां से नया भारत उड़ान भरने के लिए तैयार है। एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में तरक्की की नई राह खोलेगा। लाखों लोगों को रोजगार मिलेंगे। -डॉ. महेश शर्मा, सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट यहां बना है तो जनसभा भी बड़ी ही होगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो चुकी है। शीघ्र ही संगठन की बैठक आयोजित कर जनसभा के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान जो निर्देश दिए, उनका अनुपालन किया जाएगा। -सतेन्द्र सिसौदिया, भाजपा के पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष नोएडा एयरपोर्ट जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके उद्घाटन पर होने वाली जनसभा ऐतिहासिक होगी। इसकी तैयारी शुरू की जा चुकी है। जनसभा स्थल एयरपोर्ट की पार्किंग के पास खाली मैदान को बनाया गया है। यहां पर पूरे पश्चिम के लोग जुटेंगे। -अभिषेक शर्मा, जिलाध्यक्ष, भाजपा

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




