Hindi NewsNcr NewsNoida NewsAsian Water Count Reports 101 Bird Species at Okhla Bird Sanctuary with 15500 Birds Recorded
ओखला पक्षी विहार में देश-विदेश के 15500 से अधिक पक्षी पहुंचे

ओखला पक्षी विहार में देश-विदेश के 15500 से अधिक पक्षी पहुंचे

संक्षेप:

ओखला पक्षी विहार में इस बार 15500 से अधिक पक्षी पहुंचे हैं, जिनमें 101 प्रजातियों के पक्षी शामिल हैं। पिछले वर्ष 81 प्रजातियों के लगभग 12 हजार पक्षी गिने गए थे। वन विभाग के अनुसार, पक्षियों की संख्या में वृद्धि हुई है, लेकिन दुर्लभ प्रजातियों का कोई भी पक्षी नहीं दिखा।

Feb 09, 2026 07:05 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share Share
Follow Us on

-एशियन वॉटर काउंट की रिपोर्ट के अनुसार 101 प्रजातियों के पक्षी रिकार्ड किए गए -बीते साल 81 प्रजातियों के लगभग 12 हजार पक्षी ओखला पक्षी विहार में गिने गए थे नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। ओखला पक्षी विहार में इस बार देश-विदेश के 15500 से अधिक पक्षी पहुंचे हैं। जनवरी में जारी एशियन वॉटर काउंट की रिपोर्ट के अनुसार इनमें 101 प्रजातियों के पक्षी रिकार्ड किए गए हैं। वन विभाग के अनुसार बीते साल 81 प्रजातियों के लगभग 12 हजार पक्षी ओखला पक्षी विहार में गिने गए थे। ऐसे में इस बार पक्षियों और प्रजातियों की संख्या अधिक है। हालांकि दुलर्भ प्रजाति का कोई भी पक्षी नहीं दिखा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

रिपोर्ट के अनुसार सात और आठ जनवरी को पक्षियों की संख्या व प्रजातियों की गणना की गई थी। इसमें पांच टीमों में 30 स्वंयसेवक शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक 101 प्रजातियों के 15500 से अधिक पक्षी रिकार्ड किए गए। इनमें 9000 से अधिक बतख और कूट्स, 1275 गल्स, 35 नदी टिटहरी, 2982 नॉर्दन शेवलर, 2701 गडवाल, 579 ग्रीन विंग्ड टील, 529 नॉर्दन पिंटेल और 519 कॉमन पोचार्ड, बार्न स्वैलो या अबाबील की 1650 समेत अन्य प्रजातियां शामिल हैं। ओखला पक्षी विहार के फॉरेस्ट रेंजर अमित गुप्ता ने कहा कि इस बार बीते वर्ष के मुकाबले अधिक प्रजातियां और पक्षी रिकार्ड किए गए हैं। इसकी मुख्य वजह पक्षी विहार में पक्षियों के लिए की जाने वाली व्यवस्थाएं हैं। उन्होंने कहा कि साइबेरिया और अन्य ठंडे देशों में अत्यधिक ठंड के कारण यह पक्षी भारत का रुख करते हैं। यमुना नदी पर बना ओखला पक्षी विहार उन्हें भोजन और अनुकूल स्थान प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि तापमान में वृद्धि के साथ प्रवासी पक्षी यहां से रवाना होंगे। संभवत मार्च के अंत और अप्रैल में पक्षी यहां से अन्य स्थानों के लिए रुख करेंगे। --------- मई में लागू होगा गर्मियों का समय वन विभाग के मुताबिक ओखला पक्षी विहार के खुलने और बंद होने का समय सर्दी व गर्मी के लिए अलग-अलग निर्धारित है। सर्दियों में पक्षी विहार का समय सुबह 7.30 बजे से शाम 5.00 बजे तक और गर्मी के लिए सुबह 7.00 बजे से शाम 5.30 बजे तक है। उन्होंने कहा कि अभी पक्षी विहार खुलने और बंद होने का सर्दियों का समय लागू है। गर्मियों का समय मई में लागू होगा। ---------- पक्षी प्रेमियों के लिए बेहतरीन जगह वन विभाग के अनुसार पक्षी प्रेमियों के लिए ओखला पक्षी विहार बेहतरीन जगह है। यहां सैकड़ों पक्षी प्रजातियों का घर है। यह जगह शांत वातावरण और पक्षियों को देखने के लिए बहुत अच्छी है। सर्दी में मेहमान परिंदे अपने कुनबे के साथ यहां आते हैं, जो जो पर्यटकों को सुकून देते हैं। हर साल यहां हजारों प्रवासी पक्षी आते हैं। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पक्षी विहार का रुख करते हैं। पक्षी विहार में पर्यटकों के लिए ई कार्ट की सुविधा भी मौजूद है।