
नोएडा में खुला उत्तर प्रदेश का पहला एप्पल स्टोर
एप्पल ने नोएडा के डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया में अपना पहला रिटेल स्टोर खोला। यह कंपनी का देश में पांचवां स्टोर है। स्टोर में एप्पल के सभी प्रोडक्ट्स और लेटेस्ट डिवाइस उपलब्ध हैं। ग्राहक मुफ्त वर्कशॉप्स में भी हिस्सा ले सकेंगे। स्टोर का मासिक किराया लगभग 45.3 लाख रुपये है।
नोएडा। विशेष संवाददाता एप्पल ने उत्तर प्रदेश में अपना पहला रिटेल स्टोर नोएडा के डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया में खोला। यह कंपनी का देश में पांचवां स्टोर है। गुरुवार को इसकी विधिवत शुरूआत हुई। पहले दिन बड़ी संख्या में लोग स्टोर में पहुंचे । मॉल ऑफ इंडिया में दोपहर में इस स्टोर की शुरुआत हुई। यहां पर कंपनी के कर्मियों ने तालियां बजाकर लोगों का स्वागत किया। उन्हें कंपनी के उत्पादों की जानकारी दी। इस स्टोर में एप्पल के सभी प्रोडक्ट के साथ ही इसके लेटेस्ट डिवाइस और एक्सपर्ट हेल्प का अनुभव एक ही छत के नीचे मिलेगा। नए स्टोर में कदम रखते ही ग्राहकों को कंपनी के सभी उत्पाद देखने को मिलेंगे।
लेटेस्ट आईफोन 17 सीरीज, एप्पल वॉच सीरिज 11, अल्ट्रा, मैक बुक प्रो, आईपैड प्रो आदि देख सकेंगे। यहां आने वाले ग्राहक मुफ्त वर्कशॉप्स में हिस्सा ले सकेंगे। इसमें म्यूजिक, आर्ट, फोटोग्राफी और कोडिंग जैसे विषयों पर क्रिएटिव सेशन शामिल होंगे। इस स्टोर के बैरिकेड्स और थीम को भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित होकर डिजाइन किया गया है। ---------- एप्पल स्टोर का किराया भी वायरल नोएडा में खुले एप्पल स्टोर के किराया भी सोशल मीडिया पर वायरल है। सीआरई मेटरिक्स द्वारा देखे गए सब-लीज डॉक्यूमेंट्स को लेकर दावा किया जा रहा है कि इस स्टोर का मासिक किराया लगभग 45.3 लाख रुपये है। एप्पल ने डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया के ग्राउंड फ्लोर पर 8,240 वर्ग फुट जगह ली है। लीज का पहला साल रेंट-फ्री रहेगा। इसके बाद कंपनी 263.15 रुपये प्रति स्क्वायर फुट के हिसाब से किराया देगी। इससे हर महीने करीब 45 लाख रुपये और सालाना लगभग 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान करना होगा। हर तीन साल में 15 प्रतिशत की वृद्धि होगी। यह भारत में खुला एप्पल का अभी तक का सबसे बड़ा और महंगा स्टोर बताया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




