नोएडा डिपो से लखनऊ के लिए एक और बस शुरू
राहत सोमवार शाम को शुरू की गई लखनऊ के लिए बस लखनऊ के लिए नोएडा

नोएडा। वरिष्ठ संवाददाता।
मोरना स्थित नोएडा डिपो से लखनऊ के लिए एक और बस शुरू की गई है। यह बस शाम 7.30 बजे डिपो से चलेगी और यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते आठ घंटे का सफर तय करके लखनऊ पहुंचेगी।
नोएडा डिपो से कुछ माह पहले लखनऊ के लिए एक बस शुरू की गई थी। बस सुबह 7.30 बजे डिपो से चलती है और दोपहर करीब 3.30 बसे लखनऊ पहुंचती है। बस का किराया 652 रुपये है। डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बताया कि यात्रियों की मांग पर शाम 7.30 बजे एक और बस लखनऊ के लिए सोमवार से शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि इसी के साथ लखनऊ के लिए डिपो से बस की संख्या दो हो गई है। दोनों साधारण और सीएनजी से चलने वाली बसे हैं। इसके अलावा अन्य डिपो की एसी बसें नोएडा होकर लखनऊ के लिए निकलती हैं। नोएडा डिपो से भी इन बसों में टिकट बुक होता है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि आगरा के लिए भी दो बसें बढ़ा दी गई हैं। एक बस रात नौ बजे और दूसरी बस रात दस बजे डिपो से शुरू की गई है। इसके अलावा डिपो से हर 20 मिनट पर सुबह पांच बजे से आगरा के लिए बस सेवा उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि बसों की संख्या बढ़ाने के साथ ही डिपो का समय भी रात दस बजे तक दिया गया है। पहले डिपो रात 8.30 बजे तक खुलता था।
