नोएडा। कार्यालय संवाददाता
विद्युत निगम के 12 हजार उपभोक्ताओं ने पिछले दो वर्षों से एक बार भी बिजली का बिल जमा नहीं किया है। इन उपभोक्ताओं के स्थाई रूप से कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
शहर में विद्युत निगम के सवा तीन लाख से अधिक उपभोक्ता हैं। इसमें 12 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने पिछले दो साल में एक बार भी बिजली का बिल जमा नहीं किया है। अब ऐसे उपभोक्ताओं को विद्युत निगम के पोर्टल के मदद से चिन्हि्त किया है। बीते दिनों इन उपभोक्ताओं को नोटिस भी जारी किया गया था। परंतु इन्होंने बिल जमा नहीं किया था। ऐसे उपभोक्ताओं को अब कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए बुधवार से ही अभियान शुरू हो गया है। अगले दो से तीन सप्ताह में कनेक्शन काटने की कार्रवाई पूरी की जाएगी। इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ आरसी जारी की जाएगी। ताकि लोगों से बिजली बिल की वसूली की जा सके। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता वीएन सिंह ने बताया कि इन उपभोक्ताओं पर निगम का करीब दस करोड़ रुपये से अधिक का बिल बकाया है।
निगम द्वारा पुराने बकायेदारों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। अभी 12 हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इन उपभोक्ताओं पर निगम के 10 करोड़ रुपये से अधिक का बिल बकाया है।
-वीएन सिंह मुख्य अभियंता, विद्युत निगम।