नोएडा में प्लॉट खरीदने का मौका: अथॉरिटी ने लॉन्च की स्कीम, जानें रेट और साइज
प्लॉच की ई-नीलामी के लिए आवेदन 5 फरवरी से शुरू किए गए हैं और अंतिम तिथि 26 फरवरी शाम 5 बजे है। स्कीम के जरिए अलग-अलग साइज के प्लॉट की बिक्री की जा रही है।

नोएडा अथॉरिटी ग्राहकों के लिए मल्टीपल प्लॉट स्कीम लेकर आई है। स्कीम के तहत कॉर्पोरेट दफ्तर से लेकर होटल, धार्मिक स्थल और ग्रुप हाउसिंग के लिए प्लॉट का आवंटन किया जा रहा है। नोएडा अथॉरिटी प्लॉट का आवंटन नीलामी के जरिए कर रही है।
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक प्लॉच की ई-नीलामी के लिए आवेदन 5 फरवरी से शुरू किए गए हैं और अंतिम तिथि 26 फरवरी शाम 5 बजे है। कॉर्पोरेट ऑफिस के इच्छुक व्यापारियों के लिए सेक्टर 153 में 10 प्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से नौ प्लॉ 1,000 वर्ग मीटर के हैं, जबकि एक बड़ा प्लॉट 4,002.62 वर्ग मीटर का है। अधिकारियों के अनुसार, इन प्लॉट की कीमत 1.08 करोड़ रुपये से लेकर 4.41 करोड़ रुपये तक है।
कमर्शियल प्रोजेक्ट के लिए प्लॉट का साइज
वहीं बड़े स्तर पर कमर्शियल प्रोजेक्ट पर निवेश करने वाले डेवलपर के लिए सेक्टर 96, 98, 62 और 108 में प्लॉट उपलब्ध हैं। इनके अलावा 5,000 वर्ग मीटर से लेकर 22,000 वर्ग मीटर तक के प्लॉट भी है जो कि सेक्टर सेक्टर 61, 142, 132, 135 और 126 में स्थित हैं जिनकी कीमत 76-270 करोड़ रुपये के बीच है।
होटल इंडस्ट्री के लिए भी मौका
होटल इंडस्ट्री के लिए सेक्टर 93बी, 105, 135 और 142 में छह होटल प्लॉट उपलब्ध हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्लॉट का आकार 2,000 वर्ग मीटर से लेकर 24,000 वर्ग मीटर तक है और कीमत लगभग 36-340 करोड़ के बीच है। खास बात ये है कि ये प्लॉट ऐसी जगहों पर हैं जहां पर लोगों की आबादी है और कमर्शियल इंडस्ट्री भी है।
ग्रुप हाउसिंग प्लॉट और धार्मिक स्थल के लिए भी
सेक्टर 151 में दो ग्रुप हाउसिंग प्लॉट प्रस्तावित किए गए हैं। प्रत्येक प्लॉट का क्षेत्रफल 20,050 वर्ग मीटर है और इनकी कीमत 245 करोड़ रुपये रखी गई है। ये प्लॉट हाउसिंग प्रोजेक्ट्स के लिए उपयुक्त हैं। इसके अलावा, सेक्टर 15A और 93B में धार्मिक इस्तेमाल के लिए दो छोटे प्लॉट उपलब्ध हैं, जिनका क्षेत्रफल 302 वर्ग मीटर और 600 वर्ग मीटर है जिनका आवंटन इंटरव्यू प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Mohitलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


