Exclusive: 'ये आत्महत्या नहीं मर्डर है, सुरिंदर कोली के पास थे कई लोगों के राज...', निठारी पीड़ितों ने उठाए ये सावल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

निठारी कांड के बीस साल बाद एक बार फिर कोठी नंबर D-5 की चर्चा है और इस चर्चा के पीछे एक हैरान कर देने वाली वजह है। इस मामले में आरोपी रहे सुरिंदर कोली ने हरिद्वार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जानकारी के मुताबिक, सुरिंदर कोली पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में रहा था

nithari case surendra koli death
निठारी कांड के बीस साल बाद एक बार फिर कोठी नंबर D-5 की चर्चा है

'ये कोई आत्महत्या नहीं मर्डर है मर्डर...अगर उसे आत्महत्या ही करनी होती तो वो जेल में ही कर लिया होता। इतने सालों तक इंतजार क्यों करता? मुझे तो इस बात पर पूरा यकीन है कि उसे, उन्हीं लोगों ने मारा है, जिनके राज उसके पास थे....', इतना कहने के बाद 66 साल के झब्बू लाल थोड़ी देर के लिए चुप्प हो जाते हैं और सामने पड़े कपड़ों को प्रेस करने लगते हैं। थोड़ी देर के बाद कैमरे की तरफ देखकर एक लड़खड़ाती सी आवाज में वो फिर बेलते हैं, '20 साल हो गए, मेरी बेटी गई, केस के चक्कर में जमीन-जायदाद भी चले गए पर हमें न्याय नहीं मिला...हमारे साथ सिर्फ मजाक किया गया।'

कोठी नंबर D-5 की कभी ना भूलने वाली कहानी

29 दिसंबर 2006 को पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। इस कड़ाके की ठंड में जब लोग अपने घरों में रजाइयों में दुबके हुए थे, तो राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा से एक ऐसी खबर सामने आती है, जिसने पूरे देश को हैरत में डाल दिया। इस खबर के आने के बाद पुलिस और मीडिया के कैमरों की भीड़ अचानक निठारी की कोठी नंबर D-5 के बाहर जुटने लगती है। जैसे-जैसे दिन गुजरता है...निठारी में लोगों की भीड़ बढ़ती जाती है। कोठी के बाहर पुलिस और मीडिया के अलावा उन लोगों की भीड़ भी जमा होती है, जिनके बच्चे पिछले कुछ दिनों से लापता था। कोठी के पास के नाले से बच्चों के कंकाल और मानव अवशेष मिलते हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, लोगों को दिल दहला देने वाली कहानी पता चली और शक की सुई इसी कोठी की ओर घूमती गई।

जिस कोठी के पास ये सारा कुछ हो रहा था वो कारोबारी मोनिंदर सिंह पंढेर की थी। निठारी कांड के बीस साल बाद एक बार फिर कोठी नंबर D-5 की चर्चा है और इस चर्चा के पीछे एक हैरान कर देने वाली वजह है। इस मामले में आरोपी रहे सुरिंदर कोली ने हरिद्वार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जानकारी के मुताबिक, सुरिंदर कोली पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में रहा था और एक छोटी चाय की दुकान चलाता था। इसी दुकान पर सुरिंदर कोली का शव बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

मोनिंदर सिंह पंढेर का घर, जहां सुरिंदर कोली रहा करता था।

करीब 11 महीने पहले नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने सुरिंदर कोली को निठारी केस से जुड़े आखिरी मामले में भी निर्दोष बताते हुए बरी कर दिया था। बता दें कि, इस कांड में 2014 की सितंबर में सुरिंदर कोली को फांसी होने वाली थी, लेकिन रातोंरात मामला पलट गया था। सुरिंदर कोली के आत्महत्या की खबर आने के बाद, उन पीड़ितों के दर्द एक बार फिर उभर आए हैं, जिन्होंने 20 साल पहले अपने बच्चों को इस कांड में हमेशा के लिए खो दिया।

न्याय की लड़ाई में सबकुछ गंवाया...

झब्बू लाल, उन्नाव के रहने वाले हैं और करीब 25 साल से नोएडा रह रहे हैं। झब्बू लाल अब 66 साल के हो चुके हैं और उनकी पत्नी सुनीता देवी 63 साल की। पति-पत्नी अब पंढेर के खाली बंगले से महज 100 मीटर की दूरी पर कपड़े पर इस्त्री कर गुजारा करते हैं। दोनों ने निठारी कांड में अपनी 10 साल की बेटी ज्योति को खो दिया था। झब्बू लाल ने बताया कि, अब तक इस केस में उसने वकीलों को लाखों रुपये दे चुके हैं, यहां तक कि वो अपना एक प्लॉट भी बेच चुके हैं...पर उन्हें न्याय का अब भी इंतजार है।

झब्बू लाल और उनकी पत्नी अब पंढेर के खाली बंगले से महज 100 मीटर की दूरी पर कपड़े पर इस्त्री कर गुजारा करते हैं।

बीते साल देश के सबसे भयावह सीरियल किलिंग में से एक निठारी कांड के मुख्य अभियुक्त रहे सुरिंदर कोली को इस केस से जुड़े आखिरी मामले में भी बरी कर दिया था। कोठी नंबर D-5 और इसके मालिक मोनिंदर सिंह पंढेर और इस कोठी में काम करने वाला सुरिंदर कोली, एक अरसे तक मीडिया और दुनिया की नजरों में हैवान रहे। 2005 से 2006 के बीच निठारी गांव और आसपास से दर्जनों बच्चे और लड़कियों के गायब होने के बाद यह केस खुला था। इन बच्चों को गायब और हत्या करने के आरोप मोनिंदर सिंह पंढेर और सुरिंदर कोली पर लगे। दोनों को 2009 में रेप, हत्या, सबूतों को नष्ट करने से जुड़े मामलों में गाजियाबाद की एक सीबीआई कोर्ट ने मौत की सजा तक सुनाई थी।

20 साल से नहीं सुलझी ये पहेली

इस केस के करीब 20 साल बाद भी इन हत्याओं का दोषी कौन है, यह अब भी एक पहेली है। आखिर बच्चों को किसने मारा और कौन इन सवालों का जवाब देगा? निठारी कांड में अपनी बेटी खो चुके झब्बू लाल के चेहरे पर वक्त की मार और आंखों पर ठकान दिखती है। निठारी कांड से जुड़ा कोई भी सवाल पूछने पर वो जवाब तो देते हैं पर बड़े ही अनमने मन से। इस कांड से जुड़े कुछ सवालों से वो अब ऊब चुके हैं। हमसे बात करके हुए उन्होंने कहा कि, इस हादसे को वो भूलना चाहते हैं पर लोग उन्हें कुछ भी नहीं भूलने देते। हर साल कोई ना कोई उनसे इस हादसे की याद दिला ही देता है। अब इन सवालों से भी ऊब चुका हूं। न्याय तो पता नहीं कभी हमें मिलेगा भी...क्या पता।

कोली के पास थे कई राज!

बीस साल पहले झब्बू लाल की दस साल की बेटी ज्योति अचानक लापता हो गई थी...जो कभी नहीं लौटी। झब्बू लाल वह निठारी की एक कोठी के पीछे वाली गली में प्रेस की दुकान चलाते हैं।

वहीं बातचीत के दौरान झब्बू लाल की पत्नी सुनीता ने एक हैरान करने वाली बात बताई। उन्होंने कहा कि, 'जब ये कांड का खुलासा हुआ तो थाने में सुरिंदर कोली ने मुझे खुद कहा था, तुम्हारी बेटी को गलती से मार दिया है, उसे नहीं मारना था।' सुनीता के दावों के मुताबिक, सुरिंदर कोली की ये बातें रिकॉर्ड भी की गई थी पर पुलिस ने कभी कोर्ट में उस सीडी को पेश नहीं किया। उसने आत्महत्या नहीं कि है उसे मारा गया है। उसे काफी राज पता थे। वह (मोनिंदर पंढेर) कहता है कि हम निर्दोष हैं। पढ़ेर की ही घर से कंकाल, कपड़े बरामद हुए। मेरी बेटी के कपड़े तो उसके घर के किचन से मिले थे। ये जिसे मारता चाकू भी उसके साथ ही लपेटकर फेंक देते।'

इतना कहने के बाद सुनीता वापस अपने काम में जुट जाती हैं। वहीं उनके घर के बाहर कुछ और लोग खड़े थे शायद वो भी उनका इंटरव्यू ही करने आए थे। उन लोगों को देख झब्बू लाल ने कहा, 'मैं तो इसे अब भूलना भी चाहता हूं पर लोग नहीं भूलने देते।'

Rajat Kumar

लेखक के बारे में

Rajat Kumar

रजत कुमार, बीते आठ सालों से पत्रकारिता कर रहा हूं। मैंने, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की है और भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। अपने आठ साल के पत्रकारिता करियर में मैंने, प्रभात खबर, इंडिया टुडे और मनीकंट्रोल के डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ काम किया है। फिलहाल, लाइव हिंदुस्तान के साथ अपने पत्रकारिता के सफर को आगे बढ़ा रहा हूं।

आम लोगों की कहानियां लिखना और उन्हें सुनाना बेहद पंसद है। बीते आठ सालों से ऐसी कई कहानियों को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश जारी है। पत्रकारिता के इस सफर में दो लोकसभा चुनाव और पांच से अधिक विधानसभा चुनाव को कवर करने का भी मौका मिला है। चुनावी रिपोर्टिंग के साथ-साथ जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की पत्रकाारिता भी जारी है। राजनीति, क्रिकेट, सिनेमा और इतिहास पसंदीदा विषय रहे हैं। इस विषयों पर लिखना- पढ़ना जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर Newsनोएडा‘ये आत्महत्या नहीं मर्डर है, सुरिंदर कोली के पास थे कई लोगों के राज’…!