काम की बात: DND से जेवर तक बनेगा नया एक्सप्रेसवे, यहां से निकलेगा रूट; नोएडा में 4 बनेंगे लूप
एनसीआर में जल्द ही और एक और नया एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी है। इसे नोएडा में डीएनडी से जेवर तक बनाने की योजना है और जल्द ही इसकी डीपीआर तैयार करने का काम शुरू हो सकता है। यह एक्सप्रेसवे यमुना पुस्ते के अंदर शहर की तरफ से होकर ग्रेटर नोएडा की ओर जाएगा।

नोएडा में डीएनडी से यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के जेवर तक एक नया एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी है। अब तक इस एक्सप्रेसवे को सेक्टर-150 के पास यमुना एक्सप्रेसवे के पास जोड़ने की तैयारी थी।
नोएडा के एसीईओ सतीश पाल ने नया एक्सप्रेसवे बनाने को लेकर शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण, सिंचाई विभाग, नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक की। प्राधिकरण के सेक्टर-96 स्थित दफ्तर के सभागार में यमुना पुस्ता के किनारे नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक बनने वाले एक्सप्रेसवे की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) से संबंधित बिंदुओं पर समीक्षा की गई। बैठक में एनएचएआई के सलाहकार द्वारा अवगत कराया गया कि इस एक्सप्रेसवे को डीएनडी से शुरू कर ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे सेक्टर चाई-4 तक मिलाया जाना प्रस्तावित है।
ऐसे तय होगा एक्सप्रेसवे का अलाइनमेंट
अब तक इसको सेक्टर-150 के पास यमुना एक्सप्रेसवे तक बनाया जाना प्रस्तावित था। यहां से इसको ग्रेटर नोएडा के परी चौक भी जोड़ा जाना था। अधिकारियों ने बताया कि यमुना क्षेत्र में 130 मीटर रोड बनाई जानी प्रस्तावित है। इस रोड को एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। बैठक में तय हुआ कि एक्सप्रेसवे का अलाइनमेंट तीनों प्राधिकरण के क्षेत्र के हिसाब से अधिकारियों की सहमति से तय किया जाएगा।
बैठक में नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने भी इस परियोजना को लेकर अपने बिंदु रखे। दिल्ली से आकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र होते हुए बुलेट ट्रेन जानी प्रस्तावित है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह एनएचएआई के अधिकारी यमुना के सीईओ से मिले थे। सीईओ ने इसको जेवर तक बनाने की योजना बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद यह योजना तैयार की गई है।
नोएडा में चार लूप बनेंगे
नए एक्सप्रेसवे के लिए नोएडा क्षेत्र में चार लूप बनाए जाएंगे। नोएडा की ओर से जाते समय पहला लूप डीएनडी, दूसरा, महामाया फ्लाईओवर, तीसरा सेक्टर-128 जेपी विश टाउन और चौथा लूप सेक्टर-150 में बनाया जाएगा। अब एक्सप्रेसवे यमुना पुस्ते के अंदर शहर की तरफ से होकर ग्रेटर नोएडा की ओर जाएगा।
बता दें कि, जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत होने के साथ ही नोएडा समेत पूरे एनसीआर में सड़कों को संवारने का काम तेज हो गया है। एनसीआर के इन शहरों की नोएडा एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नए-नए एक्सप्रेसवे बनाने की योजना बनाई जा रही है। इसी क्रम में नोएडा शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए जहां चिल्ला एलिवेटेड रोड का चल रहा है, वहीं अब डीएनडी से एक और नया एक्सप्रेसवे निकालने की तैयारी चल रही है।
लेखक के बारे में
Praveen Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


