नोएडावालों के लिए गुड न्यूज! भंगेल एलिवेटेड के नीचे बन रही सड़क, जाम से छुटकारा
स्थानीय लोगों और व्यापारियों को बीते कई साल से इस सड़क के निर्माण का इंतजार था। सड़क के बन जाने के बाद हजारों यात्रियों को ट्रैफिक जाम से भी छुटकारा मिलेगा। इसे जून के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

नोएडा अथॉरिटी ने भंगेल एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे से 4.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। भंगेल और सालारपुर के बीच मौजूद इस रोड के निर्माण में 35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। नोएडा अथॉरिटी और यूपी स्टेट ब्रिज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बीच हाल में एक बैठक हुई थी जिसमें ये फैसला लिया गया है।यह सड़क दादरी रोड के दोनों ओर स्थित भंगेल और सालारपुर बाजारों को भी बड़ी राहत देगी। स्थानीय लोगों और व्यापारियों को बीते कई साल से इस सड़क के निर्माण का इंतजार था। सड़क के बन जाने के बाद हजारों यात्रियों को ट्रैफिक जाम से भी छुटकारा मिलेगा।
नोएडा अथॉरिटी के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने एक बयान में कहा, ‘नोएडा अथॉरिटी इस प्रोजेक्टर पर 35 करोड़ रुपये खर्च करेगी, सड़क का निर्माण यूपी स्टेट ब्रिज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएसबीसीएल) द्वारा किया जा रहा है। इसके जून के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।’
अधिकारियों ने बताया कि भंगेल एलिवेटेड रोड के निर्माण के दौरान सड़क का यह हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। चमचमाती भंगेल एलिवेटेड रोड तो जनता के लिए खोल दी गई थी लेकिन भंगेल और सालारपुर के बीच मौजूद इस सड़क को जस का तस छोड़ दिया गया था। एक समय पर नोएडा अथॉरिटी इस सड़क के निर्माण पर विचार कर रही थी मगर हाल में हुई बैठक में फैसला लिया गया कि यूपीएसबीसीएल ही सड़क का निर्माण करेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि भंगेल एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट की डील में यह पहले से तय था कि नीचे की सड़क का निर्माण भी यूपीएसबीसीएल ही करेगा।
फीके पड़ गए बाजार, दूसरी जगह शिफ्ट हुए व्यापारी
भंगेल के एक व्यापारी सुनील कुमार ने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, 'एलिवेटेड कॉरिडोर का काम लंबे समय तक चला था और फिर नीचे टूटी सड़क के चलते इन एरिया में व्यावसायिक गतिविधियां बीते चार साल से लगभग ठप थी, जिससे कई व्यापारी इस जगह से दूसरी जगह शिफ्ट हो गए।'
दो लूप बनाए जाने का भी प्रस्ताव
आपको बता दें कि एलिवेटेड रोड पर चढ़ने और उतरने के लिए सेक्टर 49-107 चौराहे पर दोनों ओर दो-दो लूप बनाए जाने का भी प्रस्ताव है। अधिकारियों ने बताया कि इन लूपों के निर्माण के लिए अलग से टेंडर जारी किए जाएंगे, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 45 करोड़ रुपये होगी। इन लूपों के पूरा होने से भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
लेखक के बारे में
Mohitलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


