प्रैक्टिकल देकर लौटा, विक्ट्री साइन दिखाया; नोएडा में छात्र ने 15वीं मंजिल से लगा दी छलांग

Feb 09, 2026 07:58 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share Share
Follow Us on

नोएडा सेक्टर-168 स्थित सनवर्ल्ड अरिस्टा सोसाइटी में रहने वाले एक छात्र द्वारा कथित तौर पर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। मृतक छात्र आर्यन शनिवार को प्रैक्टिकल एग्जाम देकर लौटा और टावर-10 की 15वीं मंजिल से छलांग लगा दी।  

प्रैक्टिकल देकर लौटा, विक्ट्री साइन दिखाया; नोएडा में छात्र ने 15वीं मंजिल से लगा दी छलांग

नोएडा सेक्टर-168 स्थित सनवर्ल्ड अरिस्टा सोसाइटी में रहने वाले एक छात्र द्वारा कथित तौर पर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। मृतक छात्र आर्यन शनिवार को प्रैक्टिकल एग्जाम देकर लौटा और टावर-10 की 15वीं मंजिल से छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हैरानी की बात यह है कि जब आर्यन छत की ओर जा रहा था तो उसने उंगलियों से विक्ट्री साइन बनाया था। पुलिस को छत पर छात्र का बैग मिला, लेकिन बैग में या घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, आर्यन पढ़ाई में काफी होशियार था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह किसी बात को लेकर परेशान दिखाई दे रहा था। परिवार में माता-पिता के अलावा उसकी एक बड़ी बहन है, जो मेडिकल की पढ़ाई कर रही है।

पुलिस का कहना है कि छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल और अन्य जानकारी की जांच की जा रही है। फील्ड यूनिट ने मौके से सभी जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

किशोर ने विक्ट्री निशान बनाया

दावा है कि लिफ्ट से ऊपरी मंजिल की तरफ जाते समय आर्यन ने हाथ से विक्ट्री का निशान बनाया। उसने ऐसा क्यों किया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

किशोर की मौत के बाद से पूरे परिवार में मातम है। घटना की जानकारी होते ही उसके स्कूल के शिक्षक और सहपाठी भी उसके घर पहुंचे। किशोर की मौत के बाद से पूरे सोसाइटी के लोग सन्न हैं।

मोबाइल में ‘लव यू मम्मी’ लिखा

दावा किया जा रहा है कि पुलिस ने छात्र का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की तो कई अहम जानकारी निकल कर सामने आईं। छात्र के मोबाइल के नोट पैड पर ‘सॉरी मम्मी और लव यू मम्मी’ लिखा मिला। वहीं, मृतक की मां ने बताया कि बेटे ने कुछ दिन से लोगों से बातचीत करना कम कर दिया था। सुबह उठकर स्कूल जाता और शाम को आकर अपने कमरे में अकेला ही रहता।

नगला चरणदास में भी घटना हो चुकी

बीते दिनों बेटे को टीवी देखने से मना करना एक विधवा महिला को भारी पड़ गया। 12 वर्षीय छात्र ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। घटना 3 फरवरी को फेज-दो थाना क्षेत्र के नगला चरणदास गांव में हुई। मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करने वाली महिला संध्या अपने बेटे गोलू को इंजीनियर बनाना चाहती थी।

बच्चों में ये संकेत दिखें तो तुरंत ध्यान दें

● अचानक चुप-चुप रहना या लोगों से दूरी बनाना

● पढ़ाई या पसंदीदा गतिविधियों में रुचि कम होना

● बार-बार निराशा या असफलता की बातें करना

● मोबाइल या सोशल मीडिया पर असामान्य व्यवहार

● नींद और भोजन करने की आदतों में बदलाव

क्या करें अभिभावक

● बच्चों से रोज खुलकर बात करें और उनकी बात बिना टोके सुनें

● परीक्षा या पढ़ाई को लेकर अनावश्यक दबाव न डालें

● जरूरत पड़ने पर काउंसलर या मनोचिकित्सक की मदद लें

● स्कूलों में नियमित काउंसलिंग सत्र अनिवार्य किए जाएं

पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके

● 19 अप्रैल 2025: सेक्टर-100 स्थित सोसाइटी में 21 वर्षीय छात्रा ने कथित रूप से फोन पर विवाद के बाद 21वीं मंजिल से कूदकर जान दी।

● 31 जुलाई 2025: परीक्षा में नकल करते पकड़े जाने के बाद परेशान छात्रा ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी।

● 7 दिसंबर 2025: ग्रेटर नोएडा में इंजीनियरिंग छात्र ने मानसिक तनाव का जिक्र कर हॉस्टल में आत्महत्या कर ली।

● 24 जनवरी 2026: ग्रेटर नोएडा के हॉस्टल में एक बीटेक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का मामला सामने आया।

● 23 फरवरी 2024: 12वीं के छात्र ने परीक्षा देने के कुछ घंटे बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी से कूदकर आत्महत्या की।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें