Hindi Newsएनसीआर Newsnoida software engineer yuvraj death car found 100 meter away in water
पानी में सड़क से 100 मीटर दूर मिली युवराज की कार, सनरूफ से निकले थे बाहर

पानी में सड़क से 100 मीटर दूर मिली युवराज की कार, सनरूफ से निकले थे बाहर

संक्षेप:

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 में पानी में डूबकर जान गंवाने वाले युवराज की कार सड़क से करीब 100 मीटर अंदर मिली। वहीं, कार के खुले सनरूफ को देखकर पता चला है कि युवराज इसी के जरिए बाहर निकलकर डूबने से पहले मदद मांगते रहे।

Jan 21, 2026 10:01 am ISTSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नोएडा
share Share
Follow Us on

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 की टाटा यूरेका सोसाइटी में रहने वाले इंजीनियर युवराज मेहता की कार शुक्रवार की रात एक बिल्डर के खाली पड़े भूखंड में भरे पानी में जा गिरी थी। इंजीनियर का शव निकाल लिया गया था, लेकिन कार मंगलवार को निकल पाई। यह सड़क से करीब 100 मीटर अंदर मिली। वहीं, कार के खुले सनरूफ को देखकर पता चला है कि युवराज इसी के जरिए बाहर निकलकर डूबने से पहले मदद मांगते रहे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

एनडीआरएफ की टीम सुबह करीब 11:30 बजे कार को निकालने के लिए घटनास्थल पर पहुंची। टीम नाव के सहारे पानी में उतरी। इसके बाद सोनार यंत्र को पानी में डालकर सर्च अभियान चलाया गया। दो गोताखोर भी पानी में उतरे। काफी मशक्कत के बाद कार का पता चला और उसे बाहर निकाला गया। इस दौरान दिनभर घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को घटनास्थल पर रस्सी बांधनी पड़ी। कार गिरने के बाद इंजीनियर ने मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन सरकारी सिस्टम इंजीनियर को बचा नहीं सका और पिता व बचाव दल के सामने पानी में डूबकर उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि जिस तरह कार निकालने का प्रयास हुआ, उसी तरह इंजीनियर को बचाने की कोशिश होती तो आज युवराज जिंदा होते।

ये भी पढ़ें:अमेरिका जाना चाहते थे युवराज, जल्द शादी का था प्लान... दोस्त ने क्या-क्या बताया

फॉरेंसिक जांच संभव

कार को पानी से बाहर निकालने के बाद उसकी फॉरेंसिक जांच कराने की मांग शुरू हो गई है। कार की फोरेंसिक जांच से पता चल सकेगा कि हादसा कैसे हुआ। लोग कार में तकनीकी खामी, रफ्तार तेज होने जैसी बातें भी कह रहे। ऐसे में कार की फॉरेंसिक जांच करवाने की चर्चा हो रही है।

सनरूफ से निकल मांगते रहे मदद

इंजीनियर युवराज ने डूबने से पहले कार की सनरूफ से बाहर निकलकर करीब दो घंटे तक मदद मांगी थी। गड्ढे से कार निकाले जाने के बाद इसकी पुष्टि हुई। इससे पहले कयास लग रहे थे कि युवराज ने कार की खिड़की खोलकर मदद मांगी थी। इंजीनियर की कार में सनरूफ था। कार की छत का शीशा खुला हुआ मिला। घटना के समय युवराज पूरे होश में थे और उन्होंने जिंदगी बचाने के पूरे प्रयास किए। जैसे ही कार पानी में गिरी और धीरे-धीरे डूबने लगी तो युवराज कार का सनरूफ खोलकर ऊपर आ गए। छत पर बैठकर मदद मांगी। मोबाइल से फोन किया। टॉर्च जलाकर अपनी लोकेशन बताई। करीब दो घंटे तक कार की छत पर लेटकर मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन सरकारी सिस्टम की नाकामी के चलते वह जिंदगी की जंग हार गए। सनरूफ के अंदर से पानी भर गया और इसके बाद कार पूरी तरह पानी में डूब गई।

ये भी पढ़ें:नोएडा में इंजीनियर युवराज की मौत पर पहली गिरफ्तारी, बिल्डर को पुलिस ने दबोचा

उपग्रह तस्वीरों में वर्ष 2021 से दिख रहा गड्ढा

नोएडा, एजेंसी। युवराज मेहता की मौत मामले में एक और हैरानजनक खुलासा हुआ है। गूगल अर्थ की उपग्रह तस्वीरों से पता चला है कि सेक्टर-150 स्थित गड्ढा वर्ष 2021 से ही दिख रहा था। नवंबर 2021 के मानसून में पहली बार इसमें पानी भरा देखा गया। वर्ष 2009 से मार्च 2025 के बीच की उपग्रह तस्वीरों के विश्लेषण में ये खुलासा हुआ है। वर्ष 2015 से पहले ये क्षेत्र कृषि भूमि के रूप में दिख रहा था। वर्ष 2016-17 में स्पोर्ट्स सिटी प्रोजेक्ट की अनुमति के बाद कृषि भूमि पर निर्माण शुरू हुआ। इसके बाद यहां गड्ढा दिखना शुरू हो गया था।

Sudhir Jha

लेखक के बारे में

Sudhir Jha
डिजिटल और प्रिंट मीडिया में डेढ़ दशक का अनुभव। भारतीय राजनीति के साथ एशियाई और वैश्विक मामलों की समझ। अर्थशास्त्र और खेल में भी रुचि। जम्मू-कश्मीर, लखनऊ और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले आज समाज, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, न्यूज ट्रैक, नवभारत टाइम्स में सेवा दे चुके हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन डिप्लोमा से पहले कंप्यूटर साइंस में ग्रैजुएशन किया है। जन्म बिहार में हुआ और पले-बढ़े मेरठ में। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।