नोएडा में सेक्टर-94 का गोलचक्कर होगा छोटा, इन रास्तों पर जाम से मिलेगी राहत

Mar 15, 2026 08:51 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share

नोएडा में ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सेक्टर-94 गोलचक्कर के आकार को छोटा किया जाएगा। इसके अलावा गौशाला की ओर जाने वाली सड़क के डिवाइडर को भी ठीक किया जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि इससे जाम में कमी आएगी।

नोएडा में सेक्टर-94 का गोलचक्कर होगा छोटा, इन रास्तों पर जाम से मिलेगी राहत

नोएडा में ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सेक्टर-94 गोलचक्कर के आकार को छोटा किया जाएगा। इसके अलावा गौशाला की ओर जाने वाली सड़क के डिवाइडर को भी ठीक किया जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि इससे जाम में कमी आएगी।

गोचलक्कर के आकार को छोटा करने से संबंधित काम कराने के लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। अगले माह काम शुरू होने की उम्मीद है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के पीछे से लोग गोलचक्कर की ओर जाते हैं। इसके अलावा कालिंदी कुंज की तरफ से आकर अंडरपास से निकलने के बाद भी इसी गोलचक्कर से होकर लोग विभिन्न स्थानों की ओर जाते हैं। यहां से लोग सेक्टर-94 के पोस्टमॉर्टम हाउस, अंतिम निवास, गौशाला के अलावा सेक्टर-125, 126 में स्थित एमिटी विश्वविद्यालय समेत कई आईटी व अन्य कंपनियों की ओर लोग आते-जाते हैं। ऐसे में इस सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। व्यस्त समय में सेक्टर-94 गोलचक्कर पर जाम की समस्या भी हो जाती है। इसको देखते हुए प्राधिकरण ने गोलचक्कर का आकार छोटा करने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया गोलचक्कर से गौशाला की तरफ जाने वाली सड़क के डिवाइडर को भी ठीक किया जाएगा। इन दोनों उपायों से जाम में कमी आएगी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि ये काम अगले महीने से होने शुरू हो जाएंगे।

नए एक्सप्रेसवे को जोड़ा जाएगा

यमुना पुश्ते पर छह लेन का एक्सप्रेसवे बनना प्रस्तावित है। यह एक्सप्रेसवे सेक्टर-94 गोलचक्कर के पास से ही शुरू होगा। इस गोलचक्कर को एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। एक्सप्रेसवे बनाने को लेकर चार दिन पहले यूपीडा की सलाहकार एजेंसी के अधिकारी भी जायजा लेने आए थे। उम्मीद है कि दो से तीन महीने में एक्सप्रेसवे की डीपीआर तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

एक तरफ की सड़क बंद

गोलचक्कर से सीधे सेक्टर-125 की तरफ आने-जाने वाली सड़क बंद पड़ी है। यहां किसान और प्राधिकरण के बीच मामला न्यायालय में लंबित है। ऐसे में गौशाला के सामने वाली सड़क से ही वाहन चालक-आते जाते हैं। इस वजह से भी जाम की समस्या होती है। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित मामले को लेकर लगातार न्यायालय में पैरवी की जा रही है।

पुस्ते की तरफ जा रही सड़क

सेक्टर-94 के गोलचक्कर से एक सड़क यमुना पुस्ते की तरफ भी जाती है। इस पुश्ते की तरफ दिनभर ट्रकों का आना-जाना लगा रहता है। इसकी वजह यह है कि यमुना के डूब क्षेत्र में अवैध रूप से स्टोन क्रेशर लगे हुए हैं। ऐसे में सड़क यह पूरी तरह टूटी हुई है। गोलचक्कर को छोटा करने के बाद इस सड़क को दुरुस्त किया जा सकता है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।