Noida Fire : नोएडा में सोसाइटी बिल्डिंग और रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग; खाली कराए गए फ्लैट, लोगों में दहशत

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

Noida Fire : नोएडा में शुक्रवार सुबह दो अलग-अलग जगह भीषण आग लग गई। दोनों जगह दमकल की गाड़ियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।आग से लोगों में भारी दहशत फैल गई थी। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Noida Fire : नोएडा में सोसाइटी बिल्डिंग और रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग; खाली कराए गए फ्लैट, लोगों में दहशत

Noida Fire : नोएडा में शुक्रवार सुबह सेक्टर-74 स्थित एक हाईराइज सोसाइटी और रेस्टोरेंट समेत दो अलग-अलग जगह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हालांकि गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई हताहत नहीं हुआ। आग बुझाने का काम जारी है।

नोएडा के सेक्टर-74 स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे भीषण आग लग गई। आग 28 मंजिला इमारत के 12वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में लगी है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फ्लैट की खिड़कियों से ऊंची लपटें निकलने लगीं। इसके बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे पूरी सोसाइटी में दहशत का माहौल बन गया।

आग से लोगों में मची अफरा-तफरी

घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। डरे-सहमे लोग जान बचाने को सीढ़ियों के जरिये इमारत से बाहर निकलने लगे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और पुलिस भी मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए इमारत को खाली कराया गया। एहतियातन आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी वहां से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर विभाग आग पर काबू पाने और कारणों की जांच में जुटा है।

नोएडा के सेक्टर-52 रेस्टोरेंट में लगी आग, 12 लोग किए गए रेस्क्यू

इसके साथ ही नोएडा सेक्टर-52 के शताब्दी विहार एक रेस्टोरेंट में शुक्रवार सुबह आग लग गई। इस बिल्डिंग में नीचे रेस्टोरेंट और ऊपर पीजी चल रहा था। घटना सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस और दमकल की टीम ने आग पर काबू पाकर पीजी के अंदर फंसे करीब 10 से 12 लोगों को सकुशल वहां से निकाला। आग बुझाने का कार्य लगातार जारी है और फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है।

सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि फायर सूट और ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर टीम अंदर गई, जिसके बाद लोगों को एक-एक करके बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि नीचे रेस्टोरेंट था। इसलिए आग बुझाने में थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि आग को आधे घंटे के अंदर बुझा दिया गया। ये एक प्रकार का कॉम्प्लेक्स है, जिसमें नीचे रेस्टोरेंट है। उन्होंने बताया कि आग बुझाने में दमकल की चार गाड़ियां लगीं। इसके अलाव हाइड्रोलिक प्लेटफार्म भी मंगवाया गया, जिसके बाद लोगों को कमरे से बाहर निकाला गया। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। धुंए को एक्जास्ट के जरिए बाहर निकाला जा रहा है। अब कोई फंसा नहीं है। साथ ही एक बार फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

एसी ओवरहीट होने से फ्लैट में आग लगी, 2 लोग बचाए गए

बता दें कि, गुरुवार तड़के भी नोएडा सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी के 14वें तल के एक फ्लैट में लगे एसी में आग लग गई थी, जिससे कमरे में सो रहे दो लोग फंस गए थे। सोसाइटी के लोगों ने दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आग को बुझाकर दोनों लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया था। आग तड़के करीब 3 बजे एसी की इनडोर यूनिट में पटाखे जैसी आवाज के साथ लगी थी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।