नोए़डा के कई स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अधिकारी अलर्ट
नोएडा के करीब एक दर्जन स्कलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर है। इनमें सेक्टर 16 का एपीजे स्कूल, स्टेप बाय स्टेप स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) शामिल हैं।

नोए़डा में सोमवार को कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सेक्टर-16 स्थित एपीजे स्कूल, स्टेप बाय स्टेप और डीपीएस समेत करीब एक दर्जन स्कूलों को निशाना बनाकर धमकी दिए जाने की सूचना है। इसके बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। स्कूल परिसरों में जांच के लिए बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें पहुंचीं। टीमों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और संदिग्ध वस्तुओं की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना मिली। इसके बाद संबंधित स्कूलों में सुरक्षा एजेंसियों को भेजा गया। एक साथ कई स्कूलों को धमकी मिलने की सूचना से स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और कर्मचारियों में चिंता बढ़ गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित परिसरों में जांच शुरू कराई।
तलाशी अभियान शुरू
धमकी की सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते ने स्कूल परिसरों में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश शुरू की। डॉग स्क्वॉड की मदद से भी जांच की गई। अग्निशमन विभाग की टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की टीमें स्कूल प्रबंधन के संपर्क में रहकर सुरक्षा संबंधी कदम उठा रही हैं। फिलहाल धमकी की प्रकृति, इसे भेजने वाले की पहचान और इसके पीछे की मंशा का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि धमकी किस माध्यम से भेजी गई और क्या सभी स्कूलों को एक ही संदेश के जरिए निशाना बनाया गया है।

