ध्रुव राठी को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया? वायरल दावों का सामने आ गया सच
सोशस मीडिया पर कई लोगों ने दावा किया है कि यूट्यूबर ध्रुव राठी को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नोएडा पुलिस ने इन दावों पर बयान जारी करते हुए लोगों से कहा है कि वे फेक न्यूज से दूर रहें।

कॉकरोज जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने के लिए जर्मनी से भारत आए यूट्यूबर ध्रुव राठी को क्या नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है? सोशल मीडिया पर कुछ लोगों की ओर से फैलाई गई खबर के बाद यह एक बड़ा सवाल बन गया था, जिस पर अब नोएडा पुलिस ने स्थिति साफ कर दी है। पुलिस ने इन दावों को झूठा करार देते हुए कहा है कि ध्रुव राठी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
दरअसल, सीजेपी ने शुक्रवार शाम नई दिल्ली के सेंट्रल पार्क में 'लहरा दो तिरंगा' कार्यक्रम का ऐलान किया है। चूंकि, पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी है। ऐसे में आशंका है कि यदि सीजेपी नेताओं ने जबरन बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस उन्हें एक बार फिर हिरासत में ले सकती है। इसी को देखते हुए कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स ने एक फर्जी वीडियो के साथ ध्रुव राठी को गिरफ्तार कर लिए जाने की खबर फैला दी।
दावा किया गया कि ध्रुव राठी को इस बार दिल्ली पुलिस ने नहीं बल्कि नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यूट्यूब पर 30 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स वाले ध्रुव राठी को लेकर यह बात जंगल में आग की तरह फैल गई। बहुत से लोगों ने इस पर यकीन करते हुए शेयर करना शुरू कर दिया। इसके बाद नोएडा पुलिस को इस पर एक बयान जारी करना पड़ा।
पुलिस ने क्या कहा है?
नोएडा पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘कतिपय सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा ’नोएडा पुलिस द्वारा ध्रुव राठी को गिरफ्तार किए जाने' संबंधी सूचना/पोस्ट प्रसारित की जा रही है। उक्त सूचना पूर्णतः असत्य, भ्रामक व निराधार है। नोएडा पुलिस द्वारा ध्रुव राठी की कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। जनसामान्य से अपील है कि ऐसे भ्रामक एवं अपुष्ट संदेशों का प्रसार न करें तथा किसी भी सूचना को साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य कर लें। भ्रामक, असत्य अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री का प्रसार करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।'
ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को लिया था हिरासत में
हाल ही में जर्मनी से भारत आए यूट्यूबर ध्रुव राठी देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के आंदोलन का हिस्सा हैं। उन्होंने बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम में 8 अक्टूबर को हिस्सा लिया था। इसके बाद 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर घोषित सीजेपी के प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली-गुरुग्राम आ गए। 9 अक्टूबर को इंडिया गेट से लोगों के लिए अपील जारी करने के बाद वह गुरुग्राम में अपने घर पर थे। 10 अक्टूबर की सुबह दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। राठी ने आरोप लगाया था कि पुलिस उन्हें घसीटते हुए घर से ले गई थी और करीब 20-22 घंटे तक हिरासत में रखने के बाद छोड़ा था।

