Hindi Newsएनसीआर Newsnoida murder girlfriend marriage refusal accused arrested bihar
नोएडा में शादी से मना किया प्रेमिका को मार डाला, बिहार से गिरफ्तार हुआ आरोपी

नोएडा में शादी से मना किया प्रेमिका को मार डाला, बिहार से गिरफ्तार हुआ आरोपी

संक्षेप:

नोएडा के याकूबपुर गांव में शादी से इनकार करने पर 25 वर्षीय प्रेमिका सोनू की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी कृष्ण कुमार को फेज-2 पुलिस ने बिहार के भोजपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है।

Dec 07, 2025 08:40 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नोएडा
share Share
Follow Us on

नोएडा के फेज-2 थाने पुलिस ने याकूबपुर गांव में प्रेमिका की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी को बिहार के भोजपुर जिले से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने शादी से इनकार करने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल भी बरामद कर ली।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि याकूबपुर गांव में रहने वाली 25 वर्षीय युवती सोनू उर्फ सोनी को उसके प्रेमी कृष्ण कुमार ने 28 नवंबर की रात को गोली मार दी थी। युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी। वारदात के बाद हत्यारोपी भाग गया था। पुलिस से बचने के लिए वह गुजरात और बिहार के कई ठिकानों में रहा। सेंट्रल नोएडा जोन की फेज-2 पुलिस ने बिहार पुलिस की मदद से हत्यारोपी को भोजपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर नोएडा लाया गया। वारदात करने के बाद हत्यारोपी ने पिस्तौल को झाड़ियों में फेंक दिया था। उसकी निशानदेही पर पिस्तौल बरामद हो गई है। 23 वर्षीय कृष्ण कुमार बिहार के भोजपुर जिले के टाउन आरा का रहने वाला है।

अधिकारियों के मुताबिक अमरोहा के आदमपुर की रहने वाली सोनू नोएडा के याकूबपुर गांव में किराये पर रहती थी। उसके साथ उसकी अन्य बहनें और एक भाई भी रहता था। उसकी जान-पहचान बिहार के कृष्ण से थी। पूर्व में दोनों एक ही घर में काम करते थे। युवती वहां घरेलू काम देखती थी। इसी दौरान दोनों में प्रेम संबंध हो गए। पिछले कुछ समय से कृष्णा अपनी प्रेमिका सोनू से शादी करने के लिए बोल रहा था, लेकिन वह शादी के लिए राजी नहीं थी। सोनू ने कृष्णा से बात भी करनी बंद कर दी थी। उसका फोन भी नहीं उठा रही थी। कृष्णा 28 नवंबर की रात सोनू के कमरे पर पहुंचा और शादी का प्रस्ताव रखा। शादी से इनकार करने पर कृष्णा ने सोनू की छाती पर गोली मार दी। लोगों की भीड़ एकत्रित हुई तो आरोपी भाग गया। आरोपी ने मृतका की बहनों पर भी जानलेवा हमला किया था, लेकिन पिस्तौल में गोली फंसने के कारण असफल रहा। हत्या करने के बाद हत्यारोपी ने पिस्तौल सेक्टर-85 की झाड़ियों में छिपा दी थी। मामले का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को डीसीपी नोएडा ने सम्मानित करने की बात कही है।

चोरी करने के मामले में जेल जा चुका आरोपी

एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि कृष्णा अगस्त 2025 में चोरी के आरोप में थाना सेक्टर-142 से जेल जा चुका है। जिस घर में वह काम करता था, वहीं से उसने करीब एक किलो सोना और लाखों की नकदी चुराई थी। सोनू भी वहीं पर काम करती थीं। पुलिस ने जब मामले का पर्दाफाश किया तो मालिक ने सोनू और कृष्णा दोनों को काम से हटा दिया था। जेल से छूटने के बाद कृष्णा ने सोनू से दोबारा बात करने की कोशिश की तो उसने बात करने से साफ मना कर दिया था। इसके बाद कृष्णा अपने घर भोजपुर बिहार चल गया।

अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा

पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद हत्यारोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वारदात के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया था। उसने गुजरात में पांच हजार रुपये में नया मोबाइल और सिम लिया। उसने मोबाइल पर परिजनों से बात की तो वह पुलिस के रडार पर आ गया। इसके बाद आरोपी को बिहार के भोजपुर से पकड़ा गया।

बिहार से पिस्तौल लेकर नोएडा पहुंचा युवक

युवती की हत्या करने की साजिश कृष्णा ने कई दिन पहले ही रच ली थी। वह जब बिहार से नोएडा के लिए निकला तो पिस्तौल उसके पास थी। अवैध हथियार के साथ आरोपी का बिहार से नोएडा आ जाना कई राज्यों और जिले की पुलिस सक्रियता पर सवाल उठा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गईं थीं। इन टीम ने उत्तर प्रदेश, गुजरात और बिहार में दबिश दी।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।