Hindi Newsएनसीआर Newsnoida mein mahila ki bali dene ki aashanka, police chowki ke pass mili sir aur hath kati lash
नोएडा में पुलिस चौकी के पास थी न्यूड महिला की सिर कटी लाश, क्या-क्या आशंकाएं

नोएडा में पुलिस चौकी के पास थी न्यूड महिला की सिर कटी लाश, क्या-क्या आशंकाएं

संक्षेप:

नोएडा सेक्टर-82 कट पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर नाले में गुरुवार दोपहर अज्ञात महिला का नग्नावस्था में सिर-हाथ कटा शव मिला। पुलिस द्वारा काफी खोजने के बाद भी महिला का सिर और हाथ नहीं मिला। वहीं, कुछ लोग लाश को देखकर उसकी बलि देने की भी आशंका जता रहे हैं।

Nov 07, 2025 06:04 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share Share
Follow Us on

नोएडा सेक्टर-82 कट पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर नाले में गुरुवार दोपहर अज्ञात महिला का नग्नावस्था में सिर-हाथ कटा शव मिला। पुलिस द्वारा काफी खोजने के बाद भी महिला का सिर और हाथ नहीं मिला। पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करने के लिए तीन टीमों का गठन किया है। वहीं, दूसरी ओर कुछ लोग सिर और हाथ कटी लाश को देखकर उसकी बलि देने की भी आशंका जता रहे हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सेक्टर-108 स्थित पार्क लॉरेट सोसाइटी के सामने व्यावसायिक भूखंड है। उस भूखंड के दूसरी ओर सड़क पर एक बाइक सवार व्यक्ति जा रहा था। वह अचानक शौच के लिए रुका। जैसे ही वह नाले के किनारे पहुंचा तो उसने नाले में महिला का शव देखा। उसने इसकी सूचना फौरन ही सेक्टर-82 कट पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दी। सूचना पर एडीसीपी सुमित शुक्ला, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। शव जहां मिला, वहां से 50 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप है।

पुलिस के मुताबिक, महिला का शव नग्नावस्था में था। शव की गर्दन कटी हुई थी। इसके अलावा कलाई से दोनों हाथ कटे थे। सिर और दोनों हाथ बरामद नहीं होने से पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महिला के दोनों पैर में बिछिया थे। इससे माना जा रहा है कि महिला शादीशुदा थी। महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच होने का अनुमान लगाया जा रहा है। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकालकर सील करके पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने महिला के सिर और कटे हुए दोनों हाथ बरामद करने के लिए दिनभर खोजबीन अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

इस मामले में एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि शव की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घटना का पर्दाफाश करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। इलाके के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द से जल्द घटना से जुड़े लोगों को पहचान कर पकड़ लिया जाएगा।

पति या प्रेमी पर हत्या करने का शक

महिला की जिस निर्मम तरीके से हत्या की गई है, उससे पुलिस को अंदेशा है कि उसकी हत्या पति ने अवैध संबंध रखने के शक में की है या प्रेमी ने की है। सिर और हाथ काटकर छिपाने के पीछे माना जा रहा है कि हत्या करने वाले आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से जानबूझकर किया है।

स्थानीय लोगों ने महिला की बलि देने की भी आशंका जताई

नग्नावस्था में महिला की सिर और हाथ कटी लाश मिलने के पीछे कुछ लोग उसकी बलि देने का भी अनुमान लगा रहे हैं। उनका कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा के आसपास कुछ तांत्रिक क्रिया करने वाले ऐसा कर सकते हैं। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि चूंकि महिला विवाहित थी, इसलिए उसकी बलि नहीं दी जा सकती। महिला कौन थी, उसकी हत्या क्यों की गई, इसका जवाब तो पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेगा।

शव दो से तीन दिन पुराना होने का संदेह

महिला का शव जिस नाले में मिला, उसमें आबादी क्षेत्र का पानी बहता है। जिस समय पुलिस ने शव को बाहर निकाला तो वह पानी में तैर रहा था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव दो से तीन दिन पुराना है। शव पानी में 48 से 72 घंटे बाद फूलकर ऊपर आ जाता है। पुलिस का कहना है कि जिले से लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से सुराग मिलने की उम्मीद

महिला का शव मिलने के बाद पुलिस की एक टीम घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। पुलिस को अंदेशा है कि महिला की हत्या कहीं और स्थान पर की गई है। उसके बाद शव को यहां लाकर नाले में फेंका गया। नग्नावस्था में शव को किसी वाहन में रखकर ही यहां लाया गया होगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi Blast, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।