काम की बात: जेवर एयरपोर्ट का ‘पार्किंग शॉक’; दिल्ली एयरपोर्ट पर ₹6900 तो नोएडा में ₹14500 है फीस

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share

जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर आई एक खबर उन यात्रियों और एयरलाइंस के लिए चिंता का विषय है जो कम किराये की उम्मीद कर रहे थे। विमान पार्किंग में दोगुने का फीस में अंतर सीधे तौर पर टिकट की कीमतों को प्रभावित कर सकता है।

जेवर एयरपोर्ट का ‘पार्किंग शॉक’; दिल्ली एयरपोर्ट पर ₹6900 तो नोएडा में ₹14500 है फीस

उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट टिकट के साथ विमान पार्किंग फीस भी दिल्ली के आईजीआई की तुलना में दोगुना है। नोएडा एयरपोर्ट पर ए-321 जैसे विमानों की 6 घंटे तक के लिए पार्किंग फीस 14500 रुपये है। दिल्ली आईजीआई में यह फीस 6900 रुपये हैं। इसका असर यात्रियों पर पड़ेगा।

इंडिगो एयरलाइंस का 7 अप्रैल 2026 को एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (ऐरा) को भेजा गया पत्र सामने आया है। पत्र के अनुसार नोएडा एयरपोर्ट से उड़ने वाली घरेलू फ्लाइट के लिए यूजर डेवलपमेंट फीस (यूडीएफ) 653 रुये तय की है, दिल्ली आईजीआई पर यह सिर्फ 129 रुपये है। यूडीएफ 406 फीसदी अतिरिक्त होने से इंडिगो को सालाना 103 करोड़ रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। यही स्थिति लैंडिंग फीस की है। 100 टन से कम वजन वाले विमानों का नोएडा एयरपोर्ट पर चार्ज दिल्ली से 119 फीसदी ज्यादा है। ए-321 विमान की 6 घंटे का पार्किंग चार्ज नोएडा एयरपोर्ट पर 14500 रुपये है, जबकि दिल्ली में यही चार्ज 6900 रुपये और नवी मुंबई एयरपोर्ट पर 8000 रुपये है। इंडिगो ने अपने पत्र में दिल्ली एयरपोर्ट की तुलना में नोएडा की कनेक्टिविटी पर भी प्रश्न चिह्न खड़े किए हैं। एयरलाइंस ने नाइट पार्किंग नियमों पर भी आपत्ति जताई है। नोएडा एयरपोर्ट की ओर से कहा गया है कि टैरिफ रेट देश के दूसरे नए और पुराने एयरपोर्ट के समान हैं।

प्रवक्ता, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, ''अंतिम टैरिफ ऐरा द्वारा टैरिफ ऑर्डर के रूप में जारी किए जाएंगे। अंतिम टैरिफ ऑर्डर जारी होने तक हमारे अगस्त 2025 में जारी हुए अस्थायी (एडहॉक) टैरिफ ही रेट लागू रहेंगे।''

noida airport parking rate

अंतरराष्ट्रीय उड़ानें वर्ष के अंत तक शुरू हो सकेंगी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर साल के आखिर तक ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय यात्री टर्मिनल निर्माणाधीन है। सितंबर तक इसका कार्य पूरा होगा। ऐसे में उड़ानें अक्टूबर से दिसंबर के बीच ही शुरू हो सकेगी।

दिल्ली एनसीआर के दूसरे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (डीएक्सएन) से घरेलू उड़ानों की समय सारिणी जारी हो चुकी हैं। 15 जून से जेवर के आसमान में विमानों की गरज सुनाई देने लगेगी। हालांकि, यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने में अभी और समय लगेगा। इसका कारण एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का निर्माण कार्य पूरा नहीं होना बताया गया है। यह कार्य सितंबर अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) की टीम एयरपोर्ट पर सुरक्षा मानकों को परखेगी। यह जायजा एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाओं को परखने के लिए होगा। इसके बाद ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने के लिए मंजूरी मिल सकेगी।

रिपोर्ट - आशीष धामा

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।