
नोएडा जिला अस्पताल में 15 दिसंबर से आभा ऐप से होगा रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान
नोएडा जिला अस्पताल में 15 दिसंबर से रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान भी आभा ऐप से होगा। चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट (सीएमएस) डॉ. अजय राणा ने कहा कि आभा योजना के अगले चरण में क्यूआर कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन फीस के एक रुपये के भुगतान की सुविधा देने की योजना है।
नोएडा जिला अस्पताल में 15 दिसंबर से रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान भी आभा ऐप से होगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है। चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट (सीएमएस) डॉ. अजय राणा ने कहा कि आभा योजना के अगले चरण में क्यूआर कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन फीस के एक रुपये के भुगतान की सुविधा देने की योजना है।
15 दिसंबर से इसे शुरू करने की तैयारी चल रही है। आभा ऐप उपयोग करना सरल है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को प्रवेश गेट और ओपीडी में क्यूआर कोड को स्कैन करना होता है। मोबाइल कैमरे की मदद से स्कैन करने के बाद मरीज को टोकन नंबर मिलता है।
आभा ऐप से 70% रजिस्ट्रेशन हो रहे
नोएडा सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में आभा ऐप के जरिये करीब 70 फीसदी लोग रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। वहीं, 30 फीसदी मरीज इस सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं। अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जिन लोगों के पास सामान्य फोन है या उनका मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है, उन्हें इस सुविधा से जोड़ने में परेशानी सामने आ रही है। इन मरीजों को भी जल्द इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार वर्ष 2024 में जनवरी से नवंबर तक कुल 8,89,056 मरीजों ने ओपीडी में रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें 6,22,339 मरीजों का रजिस्ट्रेशन आभा ऐप के जरिये हुआ था। वहीं, वर्ष 2025 में जनवरी से नवंबर तक कुल 9,59,648 मरीजों ने ओपीडी में रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें 6,71,753 रोगियों का रजिस्ट्रेशन आभा ऐप के जरिये हुआ था।
सीएमएस डॉ.अजय राणा ने बताया कि आभा योजना के तहत मरीजों के लिए ओपीडी के लिए रजिस्ट्रेशन कराना और इलाज की प्रक्रिया को काफी सरल बना दिया है। इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को अब लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं है। इसके अलावा, डिजिटल रिकॉर्ड्स की सुविधा से मरीजों को बार-बार अपने दस्तावेज ले जाने का झंझट भी खत्म हो गया है।
जिला अस्पताल प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आभा ऐप रजिस्ट्रेशन की संख्या के आधार पर देश और प्रदेश में अस्पतालों की रैंकिंग बदलती रहती है। मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर जिला अस्पताल प्रदेश में तीसरे नंबर पर रहा। पहले नंबर पर प्रयागराज और दूसरे नंबर पर लखनऊ रहा। वहीं, देश में पहले स्थान पर एम्स दिल्ली और जिला अस्पताल नोएडा सातवें पायदान पर रहा।





