
नोएडा के मामूरा में दूसरे दिन भी अस्पताल में विस्फोट; स्वास्थ्य विभाग ने किया सील
संक्षेप: नोएडा सेक्टर-66 यानी मामूरा स्थित मार्क अस्पताल में दूसरे दिन सोमवार को भी ऑक्सीजन की पाइपलाइन में ब्लास्ट हो गया जिससे अफरातफरी मच गई। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का लाइसेंस सस्पेंड कर उसे सील कर दिया है।
नोएडा के सेक्टर-66 यानी मामूरा स्थित मार्क अस्पताल में दूसरे दिन सोमवार को भी ऑक्सीजन की पाइपलाइन में जोरदार ब्लास्ट हो गया। इससे अफरातफरी मच गई। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने अस्पताल का दौरा किया। लगातार दूसरे दिन धमाका और दो बार मेडिकल ऑक्सीजन पाइपलाइन फटने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का लाइसेंस सस्पेंड कर उसे सील कर दिया है। अब जांच के बाद ही अस्पताल के भविष्य पर निर्णय होगा।

दूसरे दिन भी तेज धमाका
अधिकारियों ने बताया कि मामूरा स्थित मार्क अस्पताल में सोमवार शाम को दूसरे जोरदार धमाके के बाद सभी मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया। अस्पताल की ऑक्सीजन पाइपलाइन शाम करीब पांच बजे फटी। पाइपलाइन फटने से तेज धमाका हुआ। इससे मरीज और तीमारदार घबरा गए। राहत की बात यह रही कि किसी भी मरीज को नुकसान नहीं हुआ।
ब्लास्ट के बाद तेज आवाज
पुलिस को तुरंत घटना की जानकारी दी गई। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी मिलने पर अस्पताल को सीज कर दिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि अस्पताल की पाइपलाइन में ब्लॉस्ट इतना तेज था कि सड़क के दूसरी तरफ स्थित अग्निशमन कार्यालय तक आवाज सुनाई दी।
अफरातफरी का माहौल
फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी और अग्निशमनकर्मियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। पता चला कि अस्पताल के अंदर फिर से ऑक्सीजन लाइन में ब्लास्ट हुआ है, लेकिन आग नहीं लगी थी। अंदर अफरातफरी का माहौल था। तीमारदार और मरीज बाहर निकल रहे थे। चारों तरफ लोगों के चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। जिस समय घटना हुई, अस्पताल में 14 मरीज भर्ती थे। इनमें से छह गंभीर मरीजों को दूसरे निजी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
गहन जांच शुरू
अस्पताल में फिर से ब्लास्ट कैसे हुआ, इसकी गहन जांच शुरू हो गई है। इस मामले में अब तक किसी ने फेज-3 थाने में लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है। मालूम हो कि अस्पताल में एक दिन पहले ही ऑक्सीजन पाइपलाइन फटने की घटना हुई थी, जिसके कारण आईसीयू के मरीजों को एक घंटे के लिए दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया था।
लाइसेंस सस्पेंड, अस्पताल सील
डीसीएमओ सोनी ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण अस्पताल को सील कर दिया गया है। उसका लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है। घटना की जांच के लिए संयुक्त समिति का गठन किया गया है। मेडिकल ऑक्सीजन की पाइपलाइन में पहला विस्फोट रविवार को दोपहर करीब 12 बजे ग्राउंड फ्लोर पर आईसीयू के पास हुआ था। दूसरे विस्फोट के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), डीसीएमओ, स्वास्थ्य विभाग की सलाहकार और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
(पीटीआई का इनपुट भी शामिल)





