
नोएडा-ग्रेनो एक्वा लाइन मेट्रो की पहल, क्योस्क के लिए दे रही डिस्काउंट; क्या शर्तें?
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच चलने वाली एक्वा लाइन मेट्रो स्टेशन पर छूट के साथ क्योस्क और वेंडिंग जोन दे रही है। यह छूट किन्हें दी जाएंगी इसको लेकर क्या हैं शर्तें? जानें…
नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच चलने वाली एक्वा लाइन के मेट्रो स्टेशन पर अब और छूट के साथ क्योस्क और वेंडिंग जोन लेने का मौका है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने क्योस्क और वेंडिंग जोन के लिए संशोधित पॉलिसी लागू की है। यह छूट सिर्फ दिव्यांगों, ट्रांसजेंडर, महिला गैर सरकारी संगठन और महिला उद्यमियों को ही मिलेगी।
पहले आओ पहले पाओ के तहत आवंटन
एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर आवंटन किया जाएगा। जो इस बार छूट दी गई है, वह बैंड-2 और बैंड-3 के स्टेशनों के लिए दी गई है।
दिव्यांगों के लिए किराया
दिव्यांग और ट्रांसजेंडर के लिए बैंड-2 के स्टेशनों पर किराया वेंडिंग मशीन के लिए 375 और क्योस्क के लिए 625 रुपये प्रति वर्ग मीटर प्रति माह तय किया गया है। बैंड-3 के स्टेशनों के लिए यह किराया 300 और 500 रुपये रखा गया है।
बैंड-2 के स्टेशनों के लिए किराया
इनके अलावा महिला गैर सरकारी संगठन और एकल महिला उद्यमियों के लिए बैंड-2 के स्टेशनों पर वेंडिंग मशीन के लिए किराया 450 और क्योस्क के लिए 750 रुपये रखा गया है।
बैंड-3 के स्टेशनों के लिए किराया
एनएमआरसी के अनुसार बैंड-3 के स्टेशनों के लिए यह किराया 360 और 600 रुपये निर्धारित किया गया है। पहले जारी इस योजना के तहत अब 75 प्रतिशत तक की छूट दी गई है।
जमा करनी होगी रकम
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के कार्यकारी निदेशक महेंद्र प्रसाद ने बताया कि दिव्यांग और ट्रांसजेंडर को वेंडिंग मशीन या क्योस्क लेने के लिए एक लाख रुपये का सॉल्वेन्सी सर्टिफिकेट जमा करना होगा, जबकि महिला गैर सरकारी संगठन और एकल महिला उद्यमियों के लिए यह राशि डेढ़ लाख रुपये निर्धारित की गई है। योजना से संबंधित पूरी जानकारी एनएमआरसी की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
बोर्ड बैठक में सीएजी ऑडिट रिपोर्ट पेश
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की 46वीं बोर्ड बैठक बुधवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता एनएमआरसी के चेयरमैन जयदीप ने की। इसमें मुख्य रूप से सीएजी की ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसके अलावा नए प्रस्तावित रूट की अपडेट रिपोर्ट भी रखी गई। आय-व्यय का ब्योरा भी रखा गया।





