
नोएडा में खत्म होगा पानी का संकट! दो दिन में गंगाजल की होगी आपूर्ति
संक्षेप: करीब तीन सप्ताह से चल रहा नोएडा का गंगाजल संकट खत्म हो गया है क्योंकि मंगलवार शाम हरिद्वार से गंगनहर में पानी छोड़ा गया है, जिसके बाद गुरुवार से शहर में थोड़ी-थोड़ी आपूर्ति शुरू होगी और रविवार तक पर्याप्त मात्रा में पानी मिलने लगेगा।
करीब तीन सप्ताह से शहर में चल रहा पानी का संकट दो दिन बाद खत्म हो जाएगा। मंगलवार शाम हरिद्वार से गंगनहर में पानी छोड़ दिया गया। बुधवार शाम तक गाजियाबाद पानी पहुंच जाएगा। इसके बाद गुरुवार व शुक्रवार को नोएडा में पानी को स्टोर किया जाएगा। रविवार से शहर में पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति होने की उम्मीद है।

गंगनहर की सफाई के चलते दशहरे के दिन से गंगाजल बंद कर दिया गया था। इससे नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी जिससे पानी का संकट पैदा हो गया। नोएडा में 100 क्यूसेक यानि 240 एमएलडी-मिलियन लीटर प्रति दिन- गंगाजल की सप्लाई होती है जबकि नोएडा में पानी की मांग 450 एमएलडी से अधिक है। अधिकारियों ने बताया कि 240 एमएलडी गंगाजल के अलावा बाकी पानी की मांग 110 एमएलडी नलकूप और 100 एमएलडी रैनीवेल के जरिए पूरी की जाती है।
नोएडा में गंगाजल गाजियाबाद के प्रताप और सिद्वार्थ विहार सहित दो प्लांट से 80 और 20 क्यूसेक के रूप में आता है। अब मंगलवार शाम गंगनहर में पानी छोड़ दिया गया। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम तक गाजियाबाद पानी पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद गुरुवार से नोएडा में पानी की आपूर्ति की जाएगी। यहां दो दिन तक पानी स्टोर किया जाएगा। वैसे गुरुवार से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में गंगाजल की आपूर्ति करनी शुरू कर दी जाएगी लेकिन पूरी तरह से शनिवार से पानी दिया जाना शुरू हो जाएगा। ऐसे में शनिवार से लोगों को पानी की कोई दिक्कत नहीं होगी। अभी तक ट्यूबेल व रेनीवेल के जरिए शहर में पानी की आपूर्ति की जा रही थी। जिससे लोगों को सुबह-शाम 4-5 घंटे ही पानी मिल पा रहा है।





