सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाएं पूरी तरह निराधार : नोएडा DM ने किया स्पष्ट

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नोएडा
share

Noida News : नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग कर रहे श्रमिकों का आंदोलन हिंसक होने के बीच नोएडा डीएम मेधा रूपम की तरफ से मंगलवार सुबह एक प्रेस रिलीज जारी कर सोशल मीडिया फैल रही अफवाहों से अवगत कराया गया।  

सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाएं पूरी तरह निराधार : नोएडा DM ने किया स्पष्ट

नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग कर रहे श्रमिकों का आंदोलन हिंसक होने के बीच नोएडा डीएम मेधा रूपम की तरफ से मंगलवार सुबह एक प्रेस रिलीज जारी कर सोशल मीडिया फैल रही अफवाहों से अवगत कराया गया। इसमें कहा गया है कि कई सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर यह मनगढ़ंत एवं झूठा समाचार प्रचारित किया जा रहा है कि श्रमिकों का न्यूनतम वेतन ₹20000 प्रति माह निर्धारित कर दिया गया है, जिसका अनुपालन नियोक्ता संगठनों द्वारा नहीं किया जा रहा है।

बयान के मुताबिक, वस्तुस्थिति यह है कि भारत सरकार द्वारा नए लेबर कोड के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर न्यूनतम "फ्लोर वेज" निर्धारित करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इस पहल का उद्देश्य देशभर के श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन की एक समान आधार रेखा सुनिश्चित करना है, जिससे सभी राज्यों में श्रमिकों को न्यायसंगत एवं उचित पारिश्रमिक प्राप्त हो सके।

राज्य सरकार द्वारा भी नियोक्ता संगठनों एवं श्रमिक संगठनों सहित सभी हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया जा रहा है। प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है, ताकि संतुलित एवं व्यावहारिक निर्णय लिया जा सके।

ये हैं न्यूनतम वेतन दरें

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में न्यूनतम वेतन की दरें अधिसूचित की गई हैं, जिनके अनुसार अकुशल श्रमिकों को ₹11313.65 मासिक तथा दैनिक मजदूरी ₹435.14 घोषित हुए, इसी प्रकार अर्धकुशल श्रमिक हेतु मासिक मजदूरी 12446 तथा दैनिक मजदूरी ₹478.69 तय की गई है। कुशल श्रमिक हेतु ₹13940.37 तथा दैनिक रूप से 536.16 रुपए निर्धारित की गई है। नए लेबर कोड की नियमावली वर्तमान में प्रख्यापन की प्रक्रिया में है।

वर्तमान समय में उद्योग जगत वैश्विक एवं आर्थिक चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है। उद्योगों के लिए कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि हुई है तथा निर्यात में कमी आई है। इसके साथ ही श्रमिकों द्वारा उठाई गई समस्याएं एवं उनकी मांगें भी प्रासंगिक, महत्वपूर्ण एवं विचारणीय हैं। ऐसी परिस्थिति में दोनों पक्षों/उद्योग एवं श्रमिक के बीच सामंजस्यपूर्ण एवं संतुलित दृष्टिकोण अपनाते हुए निर्णय लिया जाना अत्यंत आवश्यक है।

जल्द गठित होगा वेज बोर्ड

इस संदर्भ में यह भी उल्लेखनीय है कि वेतन एवं मजदूरी से संबंधित प्रावधान, नई वेतन संहिता के अंतर्गत न्यूनतम मजदूरी से जुड़े प्रावधान, श्रमिकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाए गए हैं। सरकार इन कानूनी प्रावधानों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए, सभी पक्षों को सुनने के पश्चात उनके हितों को ध्यान में रखकर संलग्नक के अनुसार न्यूनतम वेतन में तात्कालिक रूप से अंतरिम वृद्धि किए जाने का निर्णय ले रही है। सरकार द्वारा आगामी माह में गठित होने वाले वेज बोर्ड (Wage Board) की अनुशंसा पर न्यूनतम वेतन निर्धारित किए जाने की प्रक्रिया प्रारम्भ की जाएगी।

उत्तर प्रदेश सरकार यह स्पष्ट करना चाहती है कि सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की जा रही भ्रामक सूचनाएं पूर्णतः निराधार हैं । माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण एवं औद्योगिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नए श्रम कानूनों के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही निरंतर कर रही है। मुख्यमंत्री ने नियोक्ता संगठनों से भी अपील की है कि वे श्रमिकों को नियमानुसार प्रत्येक माह वेतन, ओवर टाइम का नियमानुसार भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, बोनस तथा सामाजिक सुरक्षा के सभी अधिकार सुनिश्चित कराएं। कार्य स्थल पर महिला श्रमिकों की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित कराए।

बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने अराजक एवं बाहरी तत्वों द्वारा की गई गैर कानूनी कार्यवाही की निंदा की है तथा ऐसे तत्वों को चिहिन्त कर उनके खिलाफ सख्त दण्डात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।