नोएडा से यूपी के बड़े शहरों तक जाना हुआ आसान, बसों में मिलेगी ऑनलाइन टिकट; ऐसे करें बुक
नोएडा डिपो ने लंबी दूरी की 107 बसों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। यात्री आधिकारिक वेबसाइट से अपनी मनपसंद सीट चुन सकेंगे, साथ ही डिपो को जल्द ही नई डबल डेकर बसें भी मिलने वाली हैं।

नोएडा डिपो की लंबी दूरी की सभी बसें ऑनलाइन कर दी गई है। इनमें आगरा, अलीगढ़, लखनऊ, बरेली, बदायूं, कासगंज और एटा समेत अन्य शहरों की बसें शामिल हैं। इन बसों में अब अधिक से अधिक ऑनलाइन टिकट बुक हो, इसके लिए यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।
नोएडा डिपो में 188 बसें हैं। सभी साधारण और सीएनजी से चलने वाली बसें हैं। डिपो की अपनी वातानुकूलित बसें नहीं हैं। अन्य डिपो की वातानुकूलित बसें नोएडा डिपो होकर निकलती हैं। इनमें लखनऊ, गोरखपुर और अन्य शहरों की बसें शामिल हैं। नोएडा डिपो के अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण रूट और स्थानीय रूटों की बसों में ऑनलाइन टिकट की सुविधा की सफलता मुश्किल है। ऐसे में इन बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था नहीं है। बाकी सभी लंबी दूरी की लगभग 107 बसों में ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा है।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि बस में ऑनलाइन टिकट बुक करना समय की बचत, कहीं से भी बुकिंग की सुविधा और मनपसंद सीट चुनने का विकल्प भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि ज्यादा से ज्यादा यात्री बसों में ऑनलाइन टिकट बुक करें, इसके लिए चालक और परिचालकों द्वारा उन्हें जागरूक किया जा रहा है।
वेबसाइट से सीट बुक कर सकेंगे
रोडवेज की बसों में ऑनलाइन टिकट बुक करने के लिए यूपीएसआईटीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.upsrtc.up.gov.in पर टिकट बुक कर सकते हैं। यात्री यहां पर विवरण डालकर टिकट ले सकते हैं। बाद में मोबाइल पर परिचालक को टिकट दिखाकर सफर कर सकते हैं।
नोएडा डिपो को बसें मिलेंगी
अधिकारियों के अनुसार नोएडा डिपो को नई बसें मिलनी हैं। इसमें दोनों तरह की बसें शामिल हैं। मुख्यालय की ओर से बसों की आवश्यकता को लेकर जानकारी मांगी गई थी, जो भेजी जा चुकी है। डिपो को तीन डबल डेकर बसें मिल चुकी हैं। इन बसों को होली के बाद रूट पर उतारने की तैयारी है। बसों के रूट और किराया निर्धारित करने को लेकर प्रक्रिया चल रही है। इसे एक से दो दिन में अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
लाभ लेने वालों की संख्या कम
अधिकारियों के अनुसार रोडवेज की बसों में ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों की संख्या कम है। यह पांच से सात फीसदी है। त्योहारों पर दस फीसदी तक पहुंचती है। अन्य डिपो से नोएडा होकर निकलने वाली निजी बसों में अधिकतर यात्री ऑनलाइन टिकट ही बुक कराते हैं।



