
नोएडा में कैब चालक की ऐसी करतूत कि चलती कार से कूदी युवती; FIR के लिए भटकती रही
नोएडा में एक कैब ड्राइवर की ऐसी करतूत सामने आई है कि एक युवती चलती कार से कूद पड़ी। युवती ऑफिस से घर जाने के लिए निकली थी। उसने चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई। इस रिपोर्ट में विस्तृत जानकारी…
ऑफिस से घर जाने के लिए कैब बुक करने वाली युवती का चालक ने अपहरण करने का प्रयास किया। उसका मोबाइल फोन छीनने की भी कोशिश की। युवती ने चलती कार से कूदकर जान बचाई। पुलिस ने युवती के भाई की शिकायत पर मंगलवार शाम केस दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। युवती गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र के एक गांव में रहती है।
ऐप से बुक की थी कैब
युवती के भाई तरुण गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन नोएडा के सेक्टर-68 स्थित निजी कंपनी में नौकरी करती है। वह रोजाना कैब से घर वापस लौटती है। बहन ने 30 नवंबर की रात लगभग 11:40 बजे ऑफिस से घर जाने के लिए ऐप से कैब बुक की। कुछ देर बाद यूपी नंबर की कैब कंपनी के गेट पर आई। वह उसमें बैठ गई।
नहीं मानी महिला की बात
आरोप है कि कुछ दूर चलने पर चालक ने निर्धारित रूट बदल दिया। चालक सेक्टर-62 स्थित अंडरपास से न होकर दिल्ली की तरफ चल दिया। युवती को चालक की नियत पर संदेह होने लगा। इस पर युवती ने चालक को बताया कि यह गलत रास्ता है, लेकिन कैब चालक ने अनसुना कर दिया। चलती कार में दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
मोबाइल फोन छीनने की कोशिश
युवती ने कार रोककर उतारने के लिए कहा तो चालक ने मना कर दिया और गति बढ़ा दी। आरोपी ने कार का दरवाजा खोलने और शोर मचाने पर धमकी दी। युवती ने पुलिस को सूचना देने के लिए मोबाइल फोन निकाला तो चालक ने छीनने की कोशिश की। किसी तरह एक स्थान पर कार की गति धीमी हुई तो चलती कार से युवती कूद गई। इससे युवती को मामूली चोटें आईं।
एटा जिले का है आरोपी
थाने के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि आरोपी कैब चालक सौरभ को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मूलरूप से एटा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में भंगेल गांव में रहता है। मामला अपहरण के प्रयास जैसा नहीं है। वह दूसरे रूट से युवती को लेकर जा रहा था। वह बहनोई की कैब लेकर युवती को बैठाकर निकला था।
FIR के लिए भटकती रही
युवती के भाई तरुण ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद से उन्हें एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने और चौकियों के चक्कर लगाने पड़े। घटना के बाद वह गाजियाबाद के खोड़ा थाने, नोएडा की एनआईबी चौकी, एच ब्लॉक चौकी, छिजारसी चौकी, ट्रांसपोर्ट नगर चौकी और फेज-3 थाने पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल दूसरे क्षेत्र का बताकर बार-बार टरका दिया।
घटना के बाद पीड़िता सहमी
भाई ने बताया कि बहन की शादी तय हो चुकी है। घटना के बाद जब उसने मोबाइल से सूचना दी तो पिता, भाई और मंगेतर मौके पर पहुंचे। परिजन से मिलते ही वह रोने लगी। वह घटना को लेकर सहमी हुई है। उसने सड़क किनारे एक व्यक्ति से मदद मांगी, तभी आरोपी कैब मोड़कर वापस लौटा और उसे घूरते हुए चला गया।





