रात भर साथ, सुबह युवक युवती ने चौथी मंजिल से लगा दी छलांग; नोएडा में खौफनाक घटना
नोएडा के चौड़ा गांव में सोमवार सुबह युवक-युवती ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना में युवक की मौत हो गई जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है। उसको दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों प्रेम संबंध में थे।

नोएडा के चौड़ा गांव में सोमवार सुबह एक दुखद घटना घटी। एक 35 साल के युवक और 20 साल की युवती ने एक मकान की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। कथित तौर पर दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और आत्महत्या के इरादे से कूदे थे। हादसे में युवक की मौत हो गई जबकि युवती गंभीर रूप से जख्मी हो गई। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में युवती का इलाज चल रहा है। युवती रात में युवक से मिलने उसके किराए के घर आई थी। फिलहाल पुलिस ने डेड बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहन जांच कर रही है।
नोएडा के थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के चौड़ा गांव में घटी इस घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि युवती को उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मकान की चौथी मंजिल से छलांग
थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह पांच बजे के करीब पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 22 के हनुमान मंदिर के पास रहने वाले पुनीत (उम्र 35 वर्ष) तथा कुमारी विद्या दास (उम्र 20 वर्ष) ने कथित तौर पर आत्महत्या करने की नीयत से एक मकान की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।
महिला सफदरजंग अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने पुनीत को मृत घोषित कर दिया जबकि विद्या दास की हालत गंभीर बनी हुई है। विद्या को उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पूरी रात साथ रहे, सुबह लगा दी छलांग
थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों एक दूसरे से कथित तौर पर प्रेम करते थे। उन्होंने बताया कि एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाला युवक चौड़ा गांव में किराए के मकान में रहता था, जबकि युवती नवादा गांव में रहती थी। पुलिस को जांच में पता चला कि युवक से मिलने के लिए युवती रात के समय उसके घर पहुंची और दोनों पूरी रात साथ रहे, लेकिन सुबह दोनों ने छत से छलांग लगा दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।


