
भंगेल एलिवेटेड रोड खुलते ही पर बढ़ रही परेशानी, फेज-2 की ओर जाम लगा
नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड के खुलने के बाद फेज-2 की ओर उतरते समय जाम की समस्या सामने आई है, जिसके समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर एक योजना तैयार करेगा, साथ ही पुलिया चौड़ी करने और गति जांचने के लिए कैमरे लगाने की तैयारी भी चल रही है।
भंगेल एलिवेटेड रोड खुलने से लोगों को काफी राहत मिली, लेकिन फेज-2 की ओर उतरते समय जाम लग गया। नोएडा प्राधिकरण इस समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर योजना तैयार करेगा। अभी व्यस्त समय में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगानी शुरू कर दी गई है।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि भंगेल एलिवेटेड रोड को अभी ट्रायल के तौर पर खोला गया है। ट्रायल के तौर पर खोलने के बाद प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार और बुधवार को एलिवेटेड रोड पर तकनीकी कमियों की जाकर जांच की। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अभी फेज-2 के एनएसईजेड की ओर उतरते समय जाम लगने की समस्या सामने आई है। इस सड़क पर विपरीत दिशा में भी वाहन चालकों के आने से दिक्कत हो रही है। एनएसईजेड की तरफ से एलिवेटेड रोड पर चढ़ते समय भी यातायात अटक रहा है, जिससे जाम की समस्या हो रही है। एलिवेटेड रोड के काम के चलते फेज-2 की ओर से आते समय सीधे एलिवेटेड रोड पर वाहन चालक नहीं चढ़ पा रहे हैं। यहां कुछ हिस्से में बैरिकेडिंग होने से चालकों को चक्कर काटकर आना पड़ रहा है।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि आगाहपुर की तरफ से चढ़ते समय ज्यादा दिक्कत नहीं है, लेकिन उतरते समय थोड़ी दिक्कत है। ऐसे में एलिवेटेड रोड पर चढ़ने और उतरने यानि चारों सड़क के सामने का यातायात प्लान तैयार किया जाएगा, ताकि जाम की समस्या न हो। गौरतलब है कि एलिवेटेड रोड खुलने से नोएडा से फेज-2, सूरजपुर आदि स्थानों की ओर आना-जाना आसान हो गया है। अभी तक लोगों को महर्षि आश्रम, सलारपुर, सेक्टर-82, 93 होकर लंबा चक्कर काटना पड़ता था।
वाहनों की गति जांचने के लिए कैमरे लगाए जाएंगे
एलिवेटेड रोड पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना को आगे बढ़ाया जाएगा। एलिवेटेड रोड पर वाहनों की गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटे तय की जाएगी। इससे अधिक रफ्तार से चलने पर कैमरों के जरिए वाहनों के चालान किए जाएंगे।
एनएसईजेड के पास पुलिया चौड़ी होगी
सेक्टर-41 आगाहपुर की ओर से चढ़कर एनएसईजेड के नाले के पास से उतरते समय जाम की समस्या हो रही है, क्योंकि यहां पर पुलिया की चौड़ाई कम है। अब इसको चौड़ा किया जाएगा। यह काम सिंचाई विभाग करेगा और बजट नोएडा प्राधिकरण देगा। प्राधिकरण ने इसकी मंजूरी दे दी है। इस काम पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे।





