नोएडा में सड़कों से हटेंगे साप्ताहिक बाजार? प्राधिकरण ने जाम से निपटने को बनाया नया प्लान

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

नोएडा शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजारों के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए इन्हें अब पास के खाली मैदानों में शिफ्ट करने की योजना है। प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि सड़कों पर अब कोई भी अवैध साप्ताहिक बाजार नहीं लगने दिया जाएगा।

नोएडा में सड़कों से हटेंगे साप्ताहिक बाजार? प्राधिकरण ने जाम से निपटने को बनाया नया प्लान

नोएडा शहर में सड़कों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजारों को नियंत्रित किया जाएगा और अवैध बाजारों को नहीं लगने दिया जाएगा। सड़कों पर ट्रैफिक जाम में कमी लाने के लिए साप्ताहिक बाजारों को सड़कों से हटाकर खाली मैदान में लगवाया जाएगा। इससे सफाई व्यवस्था भी बेहतर रहेगी। इसको लेकर नोएडा प्राधिकरण ने तैयारी शुरू कर दी है। बाजार में दुकानदारों से एक निश्चित शुल्क भी लिया जाएगा।

साप्ताहिक बाजारों को नियंत्रित करने के लिए एक साल के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। दुकानदारों से शुल्क मिलने से प्राधिकरण को राजस्व भी मिलेगा।

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि मुख्य साप्ताहिक बाजारों के आसपास खाली जगह चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उदाहरण के तौर पर सेक्टर-22 चौड़ा मोड़ से सेक्टर-25ए मोदी मॉल की तरफ सोमवार बाजार लगता है। इससे जाम की समस्या बनी रहती है। ऐसे में इसको मोदी मॉल व एडोब के बराबर में खाली मैदान में लगवाया जा सकता है।

साप्ताहिक बाजारों के लिए नीति बनाने पर काम कर रहा प्राधिकरण

प्राधिकरण के ओएसडी इंदू प्रकाश सिंह ने बताया कि वर्तमान में कई सेक्टरों और मुख्य सड़कों के किनारे लगने वाले बाजारों के कारण लोगों को अधिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शाम होते ही जाम लगना शुरू हो जाता है। लोग सड़कों पर ही गाड़ियां खड़ी कर खरीदारी करने लगते हैं। इससे अन्य वाहन निकलते मुश्किल हो जाते हैं। इसके अलावा बाजार खत्म होने पर अगले दिन सड़कों पर जगह-जगह गंदगी भी फैल जाती है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए प्राधिकरण साप्ताहिक बाजारों के लिए एक नीति बनाने पर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में साप्ताहिक बाजारों का संचालन सीधे प्राधिकरण की निगरानी में कराया जाएगा। इसके लिए जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा और चयनित ठेकेदार को बाजार संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी।

बसपा शासनकाल में बंद कर दिए गए थे बाजार

बता दें कि वर्ष 2010-11 में बसपा शासनकाल में शहर में साप्ताहिक बाजार लगने बंद हो गए थे। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो उस समय बसपा में सबसे ताकतवार नेताओं मे से एक नेता के परिवार के लोग सेक्टर-40-41 की तरफ जाम में फंस गए थे। जाम में फंसने का मामला इतना बड़ा हो गया कि नोएडा प्राधिकरण ने साप्ताहिक बाजार लगने बंद करा दिए थे।

साप्ताहिक बाजार के क्या फायदे

बता दें कि, साप्ताहिक बाजार भारतीय शहरों और कस्बों की अर्थव्यवस्था और संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके कई फायदे होते हैं, जो न केवल ग्राहकों के लिए बल्कि छोटे व्यापारियों के लिए भी मददगार साबित होते हैं। इन बाजारों में सामान आमतौर पर मॉल या स्थायी दुकानों की तुलना में काफी सस्ता मिलता है। यहां रसोई के सामान, ताजी सब्जियां, फल, कपड़े, जूते, बर्तन और प्लास्टिक के घरेलू सामान एक ही जगह मिल जाते हैं। ग्राहकों को अलग-अलग चीजों के लिए अलग-अलग बाजारों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।