
नोएडा में तौलिया इस्तेमाल करने पर हुआ था झगड़ा, गर्लफ्रेंड ने कोरियाई प्रेमी के घोंपा चाकू
नोएडा के सेक्टर-150 में लिव-इन पार्टनर ने मामूली विवाद के बाद अपने दक्षिण कोरियाई प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और शव दूतावास को सौंप दिया है।
पुलिस ने सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइडवे सोसाइटी में दक्षिण कोरिया निवासी प्रेमी की हत्या करने वाली आरोपी युवती को सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि मणिपुर निवासी प्रेमिका ने तौलिया इस्तेमाल करने के विवाद में वारदात को अंजाम दिया था।
दो साल से रिलेशन में थे
पुलिस के मुताबिक सोसाइटी के फ्लैट में दक्षिण कोरिया निवासी डक ही युह और मणिपुर निवासी लुनजेएना पमाई करीब पिछले दो साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि शनिवार की रात युवती बाथरूम से नहाकर निकली थी। युवती ने गलती से प्रेमी का तौलिया इस्तेमाल कर लिया था। प्रेमी नहाने पहुंचा तो गीला तौलिया देखकर भड़क गया। वह युवती और भारतीयों को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा। इस युवती ने बैग उठाकर फ्लैट से बाहर जाने का प्रयास किया।
नशे में धुत प्रेमी किचन से सब्जी काटने वाला चाकू लाया और युवती पर हमला करने का प्रयास करने लगा। युवती ने प्रेमी के हाथ से चाकू छीना और उसकी छाती पर वार कर दिया। वह खून से लथपथ होकर गिर गया।
युवती को जेल भेजा
नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को पुलिस ने युवती को कोर्ट में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी युवती को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गौरतलब है कि घटना के बाद युवती ही सरकारी एंबुलेंस से प्रेमी को लेकर ड्राइवर के साथ जिम्स पहुंची थी। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक के चालक की तहरीर पर पुलिस ने युवती के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
मृतक के परिजनों ने भारत आने से इनकार किया
एसीपी हेमंत उपाध्याय ने बताया कि इस घटना को लेकर दक्षिण कोरिया की एंबेसी से संपर्क किया गया। एंबेसी ने मृतक मैनेजर के परिजनों से संपर्क किया। हालांकि, उन्होंने भारत आने से मना कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करने के बाद शव सोमवार को दूतावास की टीम को सौंप दिया। दक्षिण कोरिया निवासी डक नोएडा के सेक्टर-142 स्थित एडवंट टावर स्थित कोरिया की लॉजिस्टिक कंपनी में ब्रांच मैनेजर थे।





