काम की बात: नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून को बेंगलुरु के लिए होगी पहली उड़ान, 1 जुलाई से रोज उड़ेंगे 28 विमान; देखें फुल शेड्यूल

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share

जेवर के नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून को पहली विमान सेवा बेंगलुरु के लिए शुरू होगी। इंडिगो एयरलाइंस ने एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ान संचालन के लिए टाइम शेड्यूल जारी करने के साथ टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। इंडिगो एयरलाइंस चरणबद्ध तरीके से 16 शहरों के लिए उड़ानें शुरू करेगी।

नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून को बेंगलुरु के लिए होगी पहली उड़ान, 1 जुलाई से रोज उड़ेंगे 28 विमान; देखें फुल शेड्यूल

उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक जुलाई से रोजाना 28 विमान उड़ान भरेंगे। इंडिगो एयरलाइंस ने गुरुवार को नोएडा एयरपोर्ट से 16 विभिन्न शहरों के लिए टाइम शेड्यूल जारी कर दिया है। टिकट बुकिंग सेवा भी शुरू कर दी गई है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून को उड़ानें शुरू हो जाएंगी। शुरुआत में लखनऊ, बेंगलुरु और जम्मू के लिए उड़ानें शुरू होंगी। इस दौरान रोजाना चार बार फ्लाइट एयरपोर्ट के रनवे से टेक ऑफ और लैंडिंग करेगी, जबकि एक जुलाई से नवी मुंबई, बरेली, जयपुर, भोपाल समेत देश के कई अन्य शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध हो जाएगी। इंडिगो के अलावा अन्य एयरलाइंस कंपनियों की सेवाओं को भी चरणबद्ध तरीके से जोड़ने की योजना है। हालांकि, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने तिथि स्पष्ट नहीं की है।

Jewar Airport flight schedule

नोएडा से लखनऊ के बीच चार उड़ानें

नोएडा-लखनऊ के बीच एक जुलाई से चार फ्लाइटें शुरू होंगी। शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट 6ई 7625 सुबह 7:40 बजे लखनऊ से रवाना हो कर 8:55 बजे नोएडा पहुंचेगी। इसी तरह 6 ई 7624 सुबह 6:00 बजे नोएडा से उड़ान भरने के बाद 7:10 बजे लखनऊ उतरेगी। नोएडा से ही दिन में 15:05 बजे फ्लाइट संख्या 6ई 7628 रवाना हो कर 16:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी। रात में 6ई 7629 लखनऊ से 21:35 बजे उड़ान भरने के बाद 22:50 बजे लखनऊ उतरेगी। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार ये फ्लाइटें सप्ताह के सातों दिन दोनों शहरों को जोड़ेंगी। लखनऊ के अलावा नोएडा से जयपुर, चंडीगढ़, भोपाल और देहरादून जैसे शहरों के लिए भी 1 जुलाई से ही दैनिक उड़ानों का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

लखनऊ के लिए शाम को उड़ान

लखनऊ से 15 जून को सुबह 7:05 बजे नोएडा एयरपोर्ट के लिए कमर्शियल विमान सेवा उड़ान भरेगी, जो नोएडा 8:05 बजे पहुंचेगी। इसके 30 मिनट बाद यही विमान नोएडा एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा, जो 11.05 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतरेगा। दोपहर 3:45 बजे दूसरी उड़ान बेंगलुरु से नोएडा एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेगी, जो 6:20 बजे नोएडा पहुंचेगी। इसके बाद शाम 6:55 बजे यह उड़ान नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होगी और 8 बजे वहां पहुंचेगी।

पहले दिन से ही बस सेवाएं शुरू हो जाएंगी

एयरपोर्ट से उड़ान की तिथि घोषित होने के साथ ही उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड राज्यों के विभिन्न शहरों के लिए बस सेवा भी 15 जून से ही शुरू हो जाएगी। इसके रूट तय हो चुके हैं।

शैलेंद्र भाटिया, नोडल अधिकारी नायल, ''नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून को उड़ानें शुरू हो जाएंगी। गुरुवार से एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों के लिए बुकिंग सेवा भी शुरू हो गई। एयरलाइंस ने 16 शहरों के लिए अपना फ्लाइट शेड्यूल जारी कर दिया है।''

Jewar Airport flight schedule july
Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।