नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानों का रास्ता खुला, BCAS की आपत्ति के बाद भारतीय CEO की नियुक्ति

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

नोएडा एयरपोर्ट ने व्यावसायिक उड़ानें शुरू करने की दिशा में शुक्रवार को अहम कदम बढ़ाया है। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) की विदेशी सीईओ पर आपत्ति के बाद शुक्रवार को यापल ने क्रिस्टोफ श्नेलमैन को सीईओ पद से हटा दिया। नीतू समरा को अंतरिम सीईओ बनाया गया है।

Nitu Samra

नोएडा एयरपोर्ट ने व्यावसायिक उड़ानें शुरू करने की दिशा में शुक्रवार को अहम कदम बढ़ाया है। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) की विदेशी सीईओ पर आपत्ति के बाद शुक्रवार को यापल ने क्रिस्टोफ श्नेलमैन को सीईओ पद से हटा दिया। नीतू समरा को अंतरिम सीईओ बनाए जाने से बकास जल्द विमान सेवा के लिए एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी दे सकता है।

यापल(यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि एयरपोर्ट के प्रबंधन में बदलाव किया गया है। बदलाव उस आपत्ति के बाद किया गया, जिसमें कहा गया था कि भारत में किसी भी एयरपोर्ट का सीईओ भारतीय नागरिक ही होना चाहिए। नीतू तब तक इस पद पर रहेंगी, जब तक बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स स्थायी सीईओ का चयन नहीं कर लेता।

मई तक उड़ानें शुरू होंगी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मई अंततक उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। शुरुआत में 17 शहरों के लिए उड़ानें शुरू होंगी। इसे लेकर एयरलाइंस से भी बातचीत हो चुकी है। हालांकि अभी शहरों के नाम तय नहीं किए गए हैं।

बकास की टीम ने 45 आपत्तियां लगाई थीं

एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू करने के लिए बकास की टीम ने करीब 45 आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इनमें विदेशी सीईओ के अलावा पक्की चार दीवारी, कंक्रीट के वाच टॉवर समेत सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कुछ अहम उपकरण स्थापित न होने थे। बकास की टीम ने दोबारा एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था और 25 आपत्तियां लगाईं। इस बार भी विदेशी सीईओ को हटाने के निर्देश दिए थे। यापल की ओर से विदेशी सीईओ के पद पर बने रहने के मामले में गृह मंत्रालय से निवेदन किया गया, लेकिन पिछले दिनों गृह मंत्रालय ने उनके प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।

एयरपोर्ट के विकास में नीतू की अहम भूमिका

नीतू समरा अक्तूबर 2021 से एयरपोर्ट पर मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) के रूप में काम कर रही थीं। एयरपोर्ट के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने वित्तीय प्रबंधन, प्रशासन और रणनीतिक योजना में अहम योगदान दिया। क्रिस्टोफ श्नेलमैन अगस्त 2020 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ थे। अब एयरपोर्ट के निदेशक मंडल में कार्यकारी उपाध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। इस पद पर वह परियोजना और एयरपोर्ट के संचालन में सहयोग करते रहेंगे।

नियमों का पालन करने के लिए बदलाव

यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन डैनियल बिरचर ने कहा कि सीईओ के पद पर बदलाव बकास के नियमों का पालन करने के लिए किया गया है। नई टीम एयरपोर्ट के संचालन को सुचारू रूप से शुरू करने में मदद करेगी, जिसमें पारदर्शिता और मजबूत कार्यसंस्कृति पर ध्यान दिया जाएगा।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर