काम की बात: नमो भारत, मेट्रो, एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा नोएडा एयरपोर्ट; कनेक्टिविटी का मास्टरप्लान
नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंच को आसान बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम हो रहा है। मेट्रो, एक्सप्रेसवे और बसों की सुविधा से कई शहर इससे जुड़ जाएंगे। क्या है नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी का मास्टरप्लान?

नोएडा एयरपोर्ट के शुभारंभ के साथ ही अब इसकी कनेक्टिविटी की लेकर तैयारी तेज हो गई है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि अगले 2-3 साल से 10 साल तक में एयरपोर्ट का क्षेत्र मेट्रो से लेकर एक्सप्रेसवे तक से जुड़ जाएगा। कई बड़ी कंपनियां आएंगी, जिनमें लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। अभी एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ा हुआ है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा के अलावा आगरा, मथुरा की ओर से आने वाले लोग भी आसानी से एयरपोर्ट तक पहुंच सकते हैं।
नोएडा-ग्रेनो की ओर से जाते समय जीरो प्वाइंट से करीब 40 किलोमीटर दूर बने यमुना एक्सप्रेसवे एयरपोर्ट इंटरचेंज मिलेगा। यहां से सिर्फ करीब 800 मीटर सफर कर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। इसी के सामने ही दूसरी तरफ आगरा-मथुरा की ओर से आने वाले लोगों के लिए एयरपोर्ट तक जाने को सड़क बनी हुई है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट के लिए भी इंटरचेंज का काम अंतिम चरण में है। अब एयरपोर्ट तक दूर-दूर से लोग आसानी से पहुंच सकेंगे, इसके लिए प्राधिकरण व सरकार कई विकल्पों पर काम कर रही है।
ईवी चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार
एयरपोर्ट पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट बनकर तैयार हो चुके हैं। प्रथम चरण में लैंडसाइड पर 19 और एयरसाइड पर 47 चार्जिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। दोनों ही जगहों पर एक समय में 98 वाहन चार्ज हो सकेंगे। एयरपोर्ट पर एयरसाइड यानी एयरपोर्ट का वह हिस्सा, जहां केवल सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश मिलता है और विमान से जुड़ी गतिविधियां होती हैं। लैंडसाइड यानी वह क्षेत्र, जहां यात्री बिना सुरक्षा के आ जा सकते हैं।
कैब कंपनियों के साथ करार
एयरपोर्ट के ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर (जीटीसी) में करीब 1200 वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग तैयार हो गई है। इसके अलावा टेक्सी-बे भी पूरा हो चुका है। एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल के नीचे 20 एकड़ में जीटीसी तैयार किया गया है। यहां कैब, टैक्सी और बसें खड़ी हो सकती हैं। यात्रियों की सुविधाओं के लिए यापल ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली परिवहन निगम व कैब सेवा के लिए ओला, ऊबर, रेपिडो, महिंद्रा टेक समेत कई कंपनियों के साथ करार किया है।
फिल्म सिटी में इस साल स्टूडियो तैयार होगा
यीडा क्षेत्र में बन रही फिल्म सिटी में फिल्मों की शूटिंग शुरू हो चुकी है। कुछ समय पहले मॉम-2 की शूटिंग हुई थी। इस साल स्टूडियो और इंस्टीटयूट भी बनकर तैयार हो जाएंगे। ये एक हजार एकड़ में बनेगी।
नमो भारत से जुड़ाव होगा
परिवहन साधन के रूप में नमो भारत यानी आरआरटीएस को एयरपोर्ट तक पहुंचाने की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने इस लाइन की डीपीआर मंजूर कर केंद्र सरकार को भेज दी है। नमो भारत और मेट्रो के मिलाकर करीब 22 स्टेशन बनेंगे। नमो भारत गाजियाबाद से ग्रेनो वेस्ट होते हुए एयरपोर्ट तक पहुंचेगी। इसका संचालन वर्ष 2031 तक शुरू होने की संभावना है।
नया एक्सप्रेसवे बनेगा
नोएडा से यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए लोगों को जल्द एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए नया एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। नोएडा में यमुना पुस्ते पर सेक्टर-94 से शुरू होकर सेक्टर-150 तक बनेगा। यह छह लेन का होगा। इसके बनने से अभी बने नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। इसको बनाने के लिए सिंचाई विभाग और प्राधिकरण के बीच चल रही प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
गंगा एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू होगा
गंगा एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 16 गांवों की जमीन अधिग्रहण करने की शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए करीब 1204 करोड़ रुपये की लागत से 740 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जानी है। यह लिंक एक्सप्रेसवे 74.3 किलोमीटर लंबा होगा। एक तरफ सिकंद्राबाद और दूसरी तरफ सेक्टर-21 यमुना से जोड़ा जाएगा।
यूपी के 10 जिलों के साथ दूसरे राज्यों के लिए भी बसें चलेंगी
एयरपोर्ट तक मेट्रो, एक्सप्रेसवे व आम सड़क की कनेक्टिविटी के अलावा दूर राज्यों से बसें भी चलाई जाएंगी। यूपी के अलावा उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली से भी एयरपोर्ट तक बसें चलेंगी। यूपी के 10 जिलों से बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए एमओयू हो चुका है। हवाई जहाज उड़ना शुरू होने के साथ ही बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
ये शहर जुड़ेंगे
नया कनेक्टिविटी प्लान यूपी में नोएडा, ग्रेनो के साथ ही गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, मथुरा-वृंदावन और हाथरस जैसे सांस्कृतिक, धार्मिक और व्यावसायिक शहरों को जोड़ेगा। उत्तराखंड ट्रांसपोर्ट नोएडा एयरपोर्ट के लिए देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी तक बसें चलाएगा। चंड़ीगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और अंबाला शहर एयरपोर्ट से कनेक्ट होगा। दिल्ली के कश्मीरी गेट, सराय काले खां, आनंद विहार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक बसें चलेंगी।
लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhकृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )
संक्षिप्त विवरण
कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।
रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।


