नोएडा एयरपोर्ट शुरू, लखनऊ से आई फ्लाइट का बौछारों से स्वागत; यात्री सुविधा-कनेक्टिविटी से खुश

हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

नोएडा एयरपोर्ट पर आज से यात्री उड़ानें शुरू हो गई हैं। लखनऊ से नोएडा पहुंची फ्लाइट का भव्य स्वागत किया गया। इस फ्लाइट में आए उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना का एयरपोर्ट पर सैल्यूट के साथ वेलकम किया गया।

नोएडा एयरपोर्ट शुरू, लखनऊ से आई फ्लाइट का बौछारों से स्वागत; यात्री सुविधा-कनेक्टिविटी से खुश

उत्तर प्रदेश के जेवर में बना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आज से कमर्शियल फ्लाइट शुरू हो गया है। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो की पहली शेड्यूल फ्लाइट 6E-2278 आज जब नोएडा एयरपोर्ट पर उतरी तो पानी की बौछारों और यात्रियों द्वारा तालियों की गड़गड़ाहट से इसका भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत हुआ।

नोएडा एयरपोर्ट पर कमर्शियल ऑपरेशन शुरू होने से इलाके में कनेक्टिविटी बढ़ने, यात्रियों की सुविधा बेहतर होने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट शुरू होने और इससे होने वाले संभावित आर्थिक फायदों को लेकर स्थानीय लोगों और यात्रियों में खासा उत्साह है। इस नए एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों ने इस विकास का स्वागत किया।

यात्रियों से जताई खुशी

नोएडा एयरपोर्ट से फ्लाइट लेने पहुंचे एक एक यात्री ने कहा कि मैं बहुत उत्साहित हूं, क्योंकि पहले हमें दिल्ली पहुंचने में बहुत समय लगता था। हम बहुत खुश हैं कि आज से कमर्शियल फ्लाइट ऑपरेशन शुरू हो रहे हैं। वहीं, नोएडा से बेंगलुरु के लिए पहली बार फ्लाइट पकड़ने आए एक और यात्री ने कहा कि एयरपोर्ट पर यात्रा का अनुभव बहुत आसान और आरामदायक रहा। मैं बहुत उत्साहित हूं क्योंकि मैं नोएडा एयरपोर्ट से पहली बार बेंगलुरु जा रहा हूं। यहां आते समय मुझे कोई ट्रैफिक नहीं मिला, जबकि दिल्ली एयरपोर्ट की यात्राओं में मुझे अक्सर भारी ट्रैफिक का सामना करना पड़ता था। यह एयरपोर्ट बहुत आधुनिक और अच्छी तरह से बनाया गया है।

एक प्यारी की मासूम बच्ची सफा पायलट की ड्रेस में अपने पिता शाकिर और मां जुबेदा के साथ लखनऊ से आई पहली फ्लाइट में नोएडा एयरपोर्ट पहुंची। यह परिवार नवी मुंबई का रहने वाला है। इनका लॉजिस्टिक का बिजनेस है।

नोएडा एयरपोर्ट के लिए जिनकी जमीन ली गई थी, उन स्थानीय किसानों ने भी इसके शुरू होने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इस विकास से आने वाली पीढ़ियों के लिए मौके बनेंगे और इलाके के विकास में मदद मिलेगी।

जेवर के एक किसान ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का पल है और भविष्य में यह एयरपोर्ट बहुत विकास लाएगा।

नोएडा एयरपोर्ट पर पायलट की ड्रेस में पहुंची नन्ही सफा

किसानों ने किया मोदी-योगी का धन्यवाद

एक किसान ने कहा कि एयरपोर्ट हमारी जमीन पर बना है। हम बहुत खुश हैं कि हम देश के विकास में भागीदार बने हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हमारे विधायक का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। इससे आने वाली पीढ़ियों को रोजगार के मौके मिलेंगे।

विधायक के साथ लखनऊ जा रहे जेवर के 170 किसान

नोएडा एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीनें देने वाले जेवर इलाके के करीब 170 किसान भी आज जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ लखनऊ के लिए पहली उड़ान भरने वाले हैं। वहां वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। इनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं। किसान लखनऊ में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से मिलकर राज्य में विकास कार्यों और एयरपोर्ट बनाने के लिए उनका धन्यवाद करेंगे।

वहीं, जेवर से भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि देश में और भी जगहों पर एयरपोर्ट बने हैं, लेकिन हम इस जेवर एयरपोर्ट के ज़रिए किसानों का हवाई यात्रा का सपना पूरा कर रहे हैं। इसे इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।