नकदी और गहने के लिए मामा को मार डाली, दिल्ली में भांजी ने दिया वारदात को अंजाम
दिल्ली में मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भांजी ने नकदी और गहने के लिए दो लोगों के साथ मिलकर अपने मामा को मार डाला। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। लूटा गया कैश और गहने भी बरामद कर लिए गए हैं। यह घटना रोहिणी इलाके की है।

लालच ने एक बार फिर रिश्ते की कत्ल कर दी। दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक 24 साल की महिला ने अपने दो पुरुष साथियों के साथ मिलकर अपने 60 साल के मामा की हत्या कर दी। उसने अपने मामा के घर से नकदी और गहने लूटने की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना रोहिणी दक्षिण इलाके के रोहिणी सेक्टर-3 में हुई, जहां राकेश खन्ना अपनी पत्नी के साथ रहते थे।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय खन्ना घर पर अकेले थे क्योंकि उनकी पत्नी बाहर गई हुई थीं। जब वह लौटीं तो उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ और खन्ना को बेहोश पाया। उनका मोबाइल फोन, नकदी और गहने भी गायब थे। खन्ना को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि पुलिस को शाम करीब 7:30 बजे इस घटना के बारे में कॉल मिली और उन्होंने तुरंत जांच शुरू कर दी। डीसीपी ने बताया कि हमें शाम करीब 7:30 बजे कॉल मिली कि एक व्यक्ति बेहोश है और उसकी पत्नी उसे अस्पताल ले गई है। यह भी बताया गया कि घर में सब कुछ बिखरा हुआ है। हम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पीड़ित की पत्नी की बहन की बेटी कथित तौर पर इस अपराध में शामिल थी। डीसीपी के अनुसार उसे इलाके में घूमते हुए देखा गया था और वह अपने साथ दो अन्य लोगों को लाई थी। इनमें से एक ने कथित तौर पर घर की रेकी की थी। इसके बाद पुलिस ने महिला और दो अन्य आरोपियों को पकड़ लिया और दावा किया कि लूटा गया कैश और गहने बरामद कर लिए गए हैं।
डीसीपी ने बताया कि आरोपी मृतक और उसके घर से वाकिफ थे, जिससे उन्हें वारदात को अंजाम देने में मदद मिली। पुलिस अभी हत्या के मकसद और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि खन्ना की मौत की सही वजह और तरीका पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगा। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूतों की भी पड़ताल की जा रही है ताकि घटनाओं के क्रम और तीनों आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा सके।


