काम की बात: मथुरा रोड सिग्नल फ्री करने को NHAI दिल्ली में बनाएगी 3 वाहन अंडरपास, जानिए लोकेशन

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

एनएचएआई ने दिल्ली के मथुरा रोड का जाम खत्म कर सिग्नल फ्री करने का प्लान तैयार कर लिया है। इसके लिए आश्रम चौक से बदरपुर के बीच 3 जगह वाहन अंडरपास बनाए जाएंगे। इसके लिए इसी साल काम शुरू किए जाने की उम्मीद है।

मथुरा रोड सिग्नल फ्री करने को NHAI दिल्ली में बनाएगी 3 वाहन अंडरपास, जानिए लोकेशन

दिल्ली के आश्रम चौक से बदरपुर के बीच मथुरा रोड को सिग्नल फ्री करने का काम इस वर्ष दिसंबर से पहले शुरू हो जाएगा। तीन स्थानों पर वाहन अंडरपास (वीयूपी) बनाकर इस पर सफर को निर्बाध बनाया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। वन विभाग से मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। साथ ही पाइपलाइन और बिजली के तारों को शिफ्ट करने के लिए संबंधित विभागों के साथ प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिजिबिलिटी स्टडी के आधार पर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) का काम अंतिम चरण में चल रहा है। मथुरा रोड पर आश्रम से बदरपुर के बीच पांच सिग्नल हैं। साढ़े सात किलोमीटर के हिस्से में माता मंदिर मार्ग चौक, एनएफसी चौक, सीआरआरआई चौक, अपोलो हॉस्पिटल के पास और आली गांव मोड़-मदनपुर खादर जंक्शन पर सिग्नल है।

एनएचएआई के अधिकारी ने बताया कि माता मंदिर मार्ग चौक से एनएफसी चौक के बीच पहला, सीआरआरआई चौक से अपोलो हॉस्पिटल के बीच दूसरा और आली गांव मोड़-मदनपुर खादर जंक्शन पर तीसरा वाहन अंडरपास बनाया जाएगा। प्रत्येक अंडरपास 300 से 350 मीटर लंबा और 5.5 मीटर ऊंचा होगा। सीधे जाने वाले वाहन अंडरपास के ऊपर बनी सड़क से निकल जाएंगे, जबकि स्थानीय इलाकों की ओर जाने वाले वाहन अंडरपास से बिना रुके टर्न लेकर आ-जा सकेंगे।

लालबत्ती पर अभी लगी रहती है वाहनों की कतार

मथुरा रोड पर आश्रम चौक से बदरपुर के बीच रोज करीब चार लाख वाहन गुजरते हैं। इनमें से आधे से अधिक वाहन सीधे फरीदाबाद की ओर जाते हैं, जबकि बाकी वाहन जुड़ी हुई सड़कों के माध्यम से दक्षिणी दिल्ली के विभिन्न इलाकों की ओर मुड़ जाते हैं। इस बीच पड़ने वाले पांचों सिग्नलों में हर सिग्नल पर हरी बत्ती होने के बावजूद एक बार में सभी वाहन नहीं निकल पाते। वाहनों को हर जंक्शन पार करने के लिए दो से तीन बार हरी बत्ती होने का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में हर बत्ती पर वाहनों की लंबी कतार लगती है। ऐसे में इन बत्तियों पर वाहन चालकों का करीब 25 से 30 मिनट का समय बर्बाद होता है। रोड के सिग्नल फ्री होने से यह समय बचेगा।

इन इलाकों को मिलेगा लाभ

मथुरा रोड के सिग्नल फ्री होने से आश्रम, सराय काले खां, निजामुद्दीन, जसोला, सरिता विहार, ओखला, तुगलकाबाद और बदरपुर जैसे इलाकों के निवासियों को सीधा फायदा होगा। अपोलो हॉस्पिटल आने-जाने वाले मरीजों और तीमारदारों को राहत मिलेगी। इस परियोजना से दिल्ली से फरीदाबाद, पलवल, कोसी, मथुरा, भरतपुर, आगरा की ओर जाना और वहां से आना आसान हो जाएगा।

यहां अंडरपास बनेंगे

1. माता मंदिर मार्ग चौक से एनएफसी चौक के बीच

2. सीआरआरआई चौक से अपोलो हॉस्पिटल के बीच

3. आली गांव मोड़-मदनपुर खादर जंक्शन पर

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।