नोएडा में एक और नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, 6 महीने पहले हुई थी शादी

हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

नोएडा में एक और नवविवाहित महिला की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 22 वर्षीय पूजा की 6 महीने पहले ही शादी हुई थी, सोमवार को उसका शव पंखे से लटका मिला। महिला के परिजनों ने ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

नोएडा में एक और नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, 6 महीने पहले हुई थी शादी

नोएडा के सेक्टर 63 थाना अंतर्गत आने वाली छिजारसी कॉलोनी में रहने वाली 22 वर्षीय एक नवविवाहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक महिला की 6 महीने पहले ही शादी हुई थी। मृतका के परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय पूजा अपने पति अभिषेक पाल और उसके परिवार के साथ छिजारसी कॉलोनी में रहती थी। सोमवार रात पूजा का शव ससुराल में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पूजा की छह महीने पहले ही शादी हुई थी। उसके परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए उसका उत्पीड़न किया, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई। पुलिस परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर इस मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी अमित काकरान ने भाषा को बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) संतोष कुमार की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

17 मई को दीपिका नागर की हुई थी मौत

गौरतलब है कि इससे पहले बीती 17 मई को ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में भी एक विवाहिता 24 साल दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। दीपिका नागर ग्रेटर नोएडा के कुड़ी खेड़ा गांव की रहने वाली थी और डेढ़ साल पहले उसकी शादी बादलपुर थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में ऋतिक से हुई थी। जलपुरा गांव में 17 मई की रात दीपिका नागर की अपने ससुराल में तीन मंजिला मकान की छत से कथित तौर पर गिरने के बाद मौत हो गई थी। दीपिका के परिजन का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर उसकी हत्या की और यह न तो आत्महत्या का मामला है और न ही कोई हादसा। हालांकि, ससुराल पक्ष का दावा है कि इमारत से गिरने के बाद दीपिका की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम में भी दीपिका शव पर कई जगह गंभीर चोट के भी निशान पाए गए थे।

इन धाराओं दर्ज हुआ था केस

पुलिस द्वारा इस संबंध में दीपिका के पिता संजय की शिकायत पर बीएनएस की धारा 85 (किसी महिला के खिलाफ उसके पति या ससुराल वालों की ओर से की जाने वाली क्रूरता) और 80(2) (दहेत हत्या) तथा दहेज निषेध अधिनियम-1961 की धारा 3 और 4 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने बताया कि एफआईआर में कुल 7 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से चार आरोपियों- दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज, सास पूनम और चाचा ससुर विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।