छाता-रेनकोट रखें तैयार! दिल्ली में आज एक्टिव होगा नया पश्चिमी विक्षोभ; 7 दिन तक असर संभव

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Delhi Weather Today : दिल्ली और एनसीआर में एक सप्ताह तक मौसम सुकून भरा रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इस दौरान तपिश बढ़ने के आसार नहीं है। शुक्रवार को तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।

छाता-रेनकोट रखें तैयार! दिल्ली में आज एक्टिव होगा नया पश्चिमी विक्षोभ; 7 दिन तक असर संभव

Delhi Weather Today : दिल्ली और एनसीआर में एक सप्ताह तक मौसम सुकून भरा रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इस दौरान तपिश बढ़ने के आसार नहीं है। शुक्रवार को तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

राजधानी दिल्ली में गुरुवार का दिन खासा गर्म रहा। तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा हुआ। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। यहां पर आर्द्रता का स्तर 25 से 77 फीसदी तक रहा।

दिल्ली में आज नए पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को दिल्ली के मौसम पर एक पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इसके चलते दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश होगी। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी

एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार को भी दिखेगा। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक मौसम के खुशनुमा बने रहने की संभावना है।

मौसम के कारकों का असर प्रदूषण स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 185 अंक रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। दो दिनों के बीच वायु गुणवत्ता इसी के आसपास रहने की संभावना है।

हिमाचल, राजस्थान, तेलंगाना में भी बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र ने हिमाचल प्रदेश, राजस्थान के कुछ हिस्सों और तेलंगाना में भी बारिश की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश में 30 मार्च तक रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी होगी। वहीं 27-28 मार्च को राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की बारिश का अनुमान है। तेलंगाना के आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, विकाराबाद, संगारेड्डी, मेडक और कामारेड्डी जिलों में आंधी, बिजली और ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान बिजली कड़कने के साथ 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और ओलावृष्टि होने की आशंका है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।