काम की बात: दिल्ली में अब जल्द बनेंगे QR कोड वाले स्मार्ट राशन कार्ड, चोरी-धांधली पर लगेगी लगाम

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए कई बड़े सुधारों की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल्द से जल्द QR कोड और उन्नत डिजिटल फीचर्स से लैस नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने का निर्देश दिया है।

दिल्ली में अब जल्द बनेंगे QR कोड वाले स्मार्ट राशन कार्ड, चोरी-धांधली पर लगेगी लगाम

राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए हैं। ये स्मार्ट राशन कार्ड नए डिजाइन, क्यूआर कोड और आधुनिक डिजिटल फीचर्स से लैस होंगे, जिससे राशन वितरण अधिक पारदर्शी और लोगों के लिए आसान हो जाएगा।

जन शिकायत समाधान कैंप लगाए जाएंगे

राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रत्येक शनिवार (1 मई से) को सुबह 9 से 11 बजे तक सभी संबंधित केंद्रों पर असिस्टेंट कमिश्नर की मौजूदगी में ‘जन शिकायत समाधान कैंप’ लगाए जाएंगे। इनमें राशन कार्ड से जुड़े सभी लंबित मामलों का मौके पर ही समाधान होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को इस बाबत निर्देश जारी किए हैं।

नए लाभार्थियों के चयन को विशेष समिति बनाने का प्रस्ताव

उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी इनमें से किसी एक कैंप का औचक निरीक्षण करेंगी ताकि यह देखा जा सके कि लोगों की शिकायतों का सही तरीके से निपटारा हो रहा है या नहीं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली, योजनाओं के क्रियान्वयन, तकनीकी सुधारों और जन सेवा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान पारदर्शिता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने नए लाभार्थियों के चयन के लिए एक विशेष समिति बनाने का प्रस्ताव दिया है। यह समिति निष्पक्ष तरीके से पात्रता की जांच करेगी। मुख्यमंत्री ने राशन वितरण में गड़बड़ियों जैसे कम वजन देना, देरी करना और कटौती पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पूरी सप्लाई व्यवस्था में डीलर और सप्लायर की जिम्मेदारी तय की जाए और जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

नए आवेदन जल्द आमंत्रित किए जाएं : सीएम

मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों को इन कैंपों का उपयोग 'वन नेशन, वन राशन कार्ड' योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए करने को भी कहा गया है, जिसमें स्पष्ट रूप से यह बताया जाए कि लाभार्थी एक समय में केवल एक ही स्थान से राशन ले सकते हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जल्द से जल्द नए आवेदन आमंत्रित किए जाएं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति छूट न जाए। मुख्यमंत्री ने राशन वितरण में गड़बड़ियों जैसे कम सामान देना, देरी करना और कटौती पर सख्त नाराजगी जताई। बयान के अनुसार, "मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि डीलरों और आपूर्तिकर्ताओं दोनों पर स्पष्ट जिम्मेदारी तय की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।"

मुफ्त एलपीजी योजना की समीक्षा

‘मुफ्त एलपीजी योजना’ की स्थिति को लेकर भी समीक्षा की गई। 15,47,595 पात्रों में से 12,39,465 लोग इस योजना का लाभ ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दीपावली तक बाकी सभी पात्र परिवारों को भी इस योजना से जोड़ा जाए और उज्ज्वला कनेक्शन बढ़ाने के लिए विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जाए। इसके लिए तेल कंपनियों के साथ डेटा साझा किया जाएगा और जिला कार्यालयों में आधार केंद्र बनाकर 100 प्रतिशत ई-केवाईसी पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।