काम की बात: नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ेगी एक और नई सड़क, एक दर्जन से अधिक सेक्टरों को भी फायदा, क्या है प्लान

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

नोएडा एयरपोर्ट से अब एक और नई सड़क को जोड़ने की तैयारी है, जो 120 मीटर चौड़ी सड़क हो। यमुना प्राधिकरण ने इसके लिए कई गांवों के किसानों से जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह सड़क एक्सप्रेसवे के दाहिनी तरफ पड़ने वाले 13 से ज्यादा सेक्टर की मुख्य सड़क होगी।

नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ेगी एक और नई सड़क, एक दर्जन से अधिक सेक्टरों को भी फायदा, क्या है प्लान

उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब एक और नई सड़क को जोड़ने की तैयारी है। यह 120 मीटर चौड़ी सड़क होगी, जिसे एयरपोर्ट से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सड़क सलारपुर अंडरपास से सेक्टर-22ई तक करीब 8 किलोमीटर तक बनी है, जबकि 2 किलोमीटर का हिस्सा वर्तमान में निमार्णाधीन है। अब इसे 5 किलोमीटर और आगे बढ़ाकर एयरपोर्ट के इंटरचेंज के पास फलैदा कट से जोड़ा जाएगा।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अधिकारी ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे के दाहिनी तरफ 15.10 किलोमीटर लंबी और 120 मीटर चौड़ी सड़क को पूरा करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए तकीपुर बांगर समेत कई गांवों के किसानों से जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह एक्सप्रेसवे के दाहिनी तरफ पड़ने वाले 13 से ज्यादा सेक्टर की मुख्य सड़क होगी।

इन सेक्टरों को जोड़ेगी सड़क

यह सड़क पूरी होने के बाद यीडा के सेक्टर-24, 24ए, 25, 22ए, 22बी, 22सी, 22डी, 22ई, 22एफ, 23ए, 23बी, 23सी, 23डी, 23ई समेत अन्य सेक्टरों को आपस में जोड़ेगी। इनमें आवासीय, संस्थागत और मिक्स लैंड सभी प्रकार के सेक्टर शामिल है। फिलहाल आधी से ज्यादा सड़क अधूरी है। हालांकि, प्राधिकरण ने किसानों की सहमति से अब भूमि की खरीद शुरू कर दी है। यह पूरी सड़क सलारपुर से फलैदा कट से बनेगी। इसके आगे यमुना और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला इंटरचेंज है। इससे जुड़ाव के लिए सड़क पहले से बनी हुई है। इस कनेक्टिविटी से लोगों को एयरपोर्ट पहुंचना में आसानी होगी।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह का कहना है कि नोएडा एयरपोर्ट तक सुगम आवागमन के लिए 120 मीटर चौड़ी सड़क भी बनेगी। इसे इंटरचेंज के पास फलैदा कट से जोड़ा जाएगा। यह सड़क यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ी है। भविष्य में इसे 130 मीटर और पलवल खुजा मार्ग से भी जोड़ा जाएगा।

पलवल-खुर्जा मार्ग से भी जुड़ेगी

इस सड़क को भविष्य में आगे बढ़ाकर पलवल-खुर्जा मार्ग तक बनाया जाएगा। साथ ही, सेक्टर-17 के पास इसे प्रस्तावित 130 मीटर चौड़ी सड़क से भी जोड़ा जाएगा। इन सड़कों के बनने से शहर के लिए गोलाकार आकृति में सड़क कनेक्टिविटी हो जाएगी। 130 मीटर चौड़ी सड़क भी पलवल खुर्जा से जोड़ी जानी है। दोनों सड़कें पूरी होने के बाद बनने वाली गोलाकार आकृति के अंदर ही अधिकांश सेक्टर हो जाएंगे, जिससे शहर की आंतरिक कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।

फूड प्रोसेसिंग पार्क को गति मिलेगी

सेक्टर-24 में पंतजलि का फूड एंड हर्बल पार्क बन रहा है। 120 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे कई दूसरे फूड पार्क भी प्रस्तावित हैं। इन्हें भूमि आवंटन की तैयारी चल रही है। सड़क के पूरा होने के बाद यहां तैयार होने वाले सामान को एयरपोर्ट तक पहुंचाने में आसानी होगी। संस्थागत सेक्टरों में आने-जाने की परेशानी भी दूर हो जाएगी। सेक्टर-22 के पास का इलाका शैक्षिक हब के रूप में विकसित होना है। वर्तमान में यहां जीबीएम विश्वविद्यालय का निर्माण चल रहा है। इसके अलावा सेक्टर-22डी में कई आवासीय परियोजनाएं हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।