काम की बात: नया नोएडा बनने से किसानों से लेकर मजदूरों तक की होगी मौज; ₹1000 करोड़ का बजट मंजूर

Apr 18, 2026 06:16 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share

New Noida Update: नए नोएडा (DNGIR) के विकास को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने रफ्तार बढ़ा दी है। दादरी और बुलंदशहर के 80 गांवों की जमीन पर आकार लेने जा रहा यह सुंदर शहर उत्तर प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

नया नोएडा बनने से किसानों से लेकर मजदूरों तक की होगी मौज; ₹1000 करोड़ का बजट मंजूर

नोएडा के 50 साल पूरे होने के अब नए नोएडा को बसाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि एक महीने में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जमीन अधिग्रहण के लिए मुआवजा दर पहले ही तय हो चुकी है। नए नोएडा में श्रमिकों के लिए भी आवास बनाए जाएंगे।

नोएडा का अधिकांश हिस्सा विकसित हो चुका है। अब सिर्फ एक्सप्रेसवे के आसपास ही जमीन बची है। ऐसे में कुछ साल पहले दादरी और बुलंदशहर के 80 गांवों की जमीन पर नया नोएडा बसाने की योजना तैयार की गई थी। अब नए नोएडा को बसाने की योजना पर काम शुरू होगा। हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में नए नोएडा में जमीन लेने के लिए मुआवजा दर तय कर दी गई थी। ये दरें यमुना क्षेत्र के बराबर रखी गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अगले कुछ महीने में 4300 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण के लिए एक हजार करोड़ का बजट मंजूर किया है। कागजों में नए नोएडा को दादरी-नोएडा-गाजियाबाद-विशेष निवेश क्षेत्र- (DNGIR) का नाम दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसानों से आपसी सहमति से जमीन लेने का प्रयास किया जाएगा। यूपी कैबिनेट से मंजूरी के बाद पिछले डेढ़ साल से ज्यादा समय से यहां की जमीन के लिए मुआवजा दरें तय करने का इंतजार था। अब जमीन अधिग्रहण के लिए जल्द टीम का गठन किया जाएगा।

प्राधिकरण का कार्यालय खोलने की तैयारी

नए नोएडा को बसाने की जिम्मेदारी प्राधिकरण के पास है। इसके मास्टर प्लान-2041 को यूपी कैबिनेट ने 18 अक्टूबर 2024 को मंजूरी दी थी। नए नोएडा में प्राधिकरण मौके पर अस्थायी कार्यालय की जमीन देख चुका है। शुरुआत के लिए अस्थायी दफ्तर को जमीन सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र के पास जोखाबाद और सांवली गांव में देखी गई है।

रोजगार के नए अवसर होंगे पैदा

बता दें कि, दादरी और बुलंदशहर के 80 गांवों की जमीन पर आकार ले रहे नए नोएडा (DNGIR) के विकास को लेकर प्राधिकरण ने रफ्तार बढ़ा दी है। इस विशेष निवेश क्षेत्र के बसने से दादरी, नोएडा और गाजियाबाद के बीच एक नया औद्योगिक कॉरिडोर तैयार होगा, जिससे रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होंगे। नए नोएडा के मास्टरप्लान में औद्योगिक श्रमिकों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया है। यहां काम करने वाले मजदूरों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस आवास बनाए जाएंगे।

कृष्णा करुणेश, सीईओ, नोएडा, ''नए नोएडा को बसाने की योजना पर अब तेजी से काम शुरू होगा। इसको नोएडा से अच्छा शहर बसाएंगे। समाज के हर वर्ग के लिए सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शहर बसाया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।